विज्ञापन

हरदोई: गंगा एक्सप्रेसवे पर डबल डेकर बस पलटी: रेलिंग तोड़ 20 फीट नीचे गिरी, 50 घायल; 12 यात्री गंभीर

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल राहत व बचाव कार्य शुरू कराया. ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया.

हरदोई: गंगा एक्सप्रेसवे पर डबल डेकर बस पलटी: रेलिंग तोड़ 20 फीट नीचे गिरी, 50 घायल; 12 यात्री गंभीर
डबल डेकर बस के उड़े परखच्चे 

Hardoi Road Accident: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में गंगा एक्सप्रेस-वे पर शनिवार और रविवार की मध्य रात्रि एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. यहां सिद्धार्थनगर से दिल्ली-नोएडा जा रही एक डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर एक्सप्रेसवे की रेलिंग तोड़ते हुए करीब 20 फीट नीचे जा गिरी. इस हादसे में लगभग 50 यात्री घायल हो गए. हालांकि 12 यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है. यह हादसा पचदेवरा थाना क्षेत्र के सपाभापुर गांव के पास हुआ है.

बस के उड़े परखच्चे 

हादसे में बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसके परखच्चे उड़ गए. दुर्घटना के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई. बस में सवार यात्रियों ने बताया कि सफर के दौरान बस के सामने अचानक एक वाहन आ गया. चालक ने टक्कर से बचने के लिए तत्काल ब्रेक लगाया, जिससे बस का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क से नीचे उतरकर खेत में पलट गई.

यात्रियों में मची चीख-पुकार

हादसे के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई. आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत व बचाव कार्य में जुट गए. सूचना मिलने पर पचदेवरा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से यात्रियों को बस से सुरक्षित बाहर निकाला.

12 यात्री गंभीर रूप से घायल

घायलों को एंबुलेंस की मदद से शाहजहांपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां 42 घायलों का उपचार किया गया. हालांकि इनमें से 12 गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया, जबकि अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई.

घायलों में सुनील कुमार, अमित कुमार, कृष्ण मोहन, गीता यादव, विनय कुमार यादव, विशाल, अनिल, सचिन, कृष्णा पाण्डेय, बनवारीलाल, राहुल यादव, राहुल पाठक, शहजाद, अजय, तबस्सुम, राजेश, अंशिका, आंचल, मोहन कुमार, अकबर अली, मुन्ना, हैदर अली, साजिद, अफजल, मनोज पाठक, गीता, अर्जुन, दिव्यांश, दिव्यांशी, अर्पित शुक्ला, अनुराधा, आरव, अनवि, राधेश्याम और मोवेंद्र शामिल हैं.  सभी घायल जनपद सिद्धार्थनगर और बस्ती क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं. दुर्घटना के बाद बस चालक और परिचालक मौके से फरार हो गए.  प्रभारी निरीक्षक राकेश यादव ने बताया कि हादसा रात करीब दो बजे हुआ.

ये भी पढ़ें: ई-रिक्‍शा से पहुंची, दूसरी मंजिल पर गई और लगा दी छलांग... नोएडा सेक्‍टर-18 की पार्किंग में महिला की मौत

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Hardoi News, UP News, Road Accident
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com