विज्ञापन

शर्मनाक! इंसाफ के लिए पानी की टंकी पर चढ़ी गैंगरेप पीड़िता, यूपी पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप

उत्तर प्रदेश के हरदोई में इंसाफ की मांग को लेकर एक गैंगरेप पीड़िता पानी की टंकी पर चढ़ गई. पीड़िता का आरोप है कि शिकायत के बावजूद पुलिस ने केस दर्ज नहीं किया, जिससे वह यह कदम उठाने को मजबूर हुई. करीब डेढ़ घंटे तक हाईवोल्टेज ड्रामा चला.

शर्मनाक! इंसाफ के लिए पानी की टंकी पर चढ़ी गैंगरेप पीड़िता, यूपी पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप

उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में न्याय की गुहार लगाते-लगाते एक पीड़िता इस कदर टूट गई कि उसे अपनी बात सुनाने के लिए पानी की टंकी पर चढ़ना पड़ा. लगभग डेढ़ घंटे तक चले इस हाईवोल्टेज घटनाक्रम ने न सिर्फ स्थानीय प्रशासन को हिलाकर रख दिया, बल्कि पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े किए.

टंकी पर चढ़कर दी आत्महत्या की धमकी 

घटना मंगलवार शाम की है, जब 28 वर्षीय महिला हरदोई शहर की आवास विकास कॉलोनी में बनी पानी की टंकी पर चढ़ गई. वह आत्महत्या की धमकी देते हुए इंसाफ की मांग कर रही थी. मौके पर पुलिस और प्रशासन की टीम पहुंची और काफी देर तक उसे समझाने की कोशिश करती रही.  

झगड़े के बाद हुई गंभीर वारदात का आरोप

पीड़िता के अनुसार, 10 फरवरी को उसके बच्चों का हरपालपुर कस्बे के रहने वाले राशिद और आमिर के बच्चों से विवाद हुआ था. इस बात को लेकर वह आरोपियों के घर गई थी. महिला का आरोप है कि इसके दो दिन बाद, जब उसका पति घर पर नहीं था, तब इन लोगों ने उसके साथ गैंगरेप की घटना को अंजाम दिया.

पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप

महिला का कहना है कि उसने घटना के बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन उसकी सुनवाई नहीं हुई. उसकी शिकायत के बावजूद न तो मामला दर्ज किया गया और न ही आरोपियों पर कोई प्रभावी कार्रवाई की गई. उल्टा, शांति भंग की आशंका में उसके खिलाफ ही धारा 151 के तहत कार्रवाई कर दी.

धमकियों के कारण छोड़ना पड़ा गांव

पीड़िता ने बताया कि शिकायत के बाद आरोपी पक्ष की ओर से उसे लगातार धमकियां मिल रही थीं. डर और दबाव के कारण उसे अपने पति और बच्चों के साथ गांव छोड़कर हरदोई शहर में आकर रहना पड़ा. लेकिन वहां भी उसे न्याय नहीं मिला, जिससे वह पूरी तरह हताश हो गई.

वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाई शिकायत

महिला के पति ने बताया कि उन्होंने स्थानीय थाना प्रभारी से लेकर पुलिस अधीक्षक, डीजीपी और मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल तक कई बार शिकायत की, लेकिन कहीं से भी संतोषजनक जवाब नहीं मिला. इस बीच एक ऑडियो भी सामने आया, जिसमें थाना प्रभारी महिला को थाने बुलाने की बात करते सुनाई दे रहे हैं, लेकिन पीड़िता वहां जाने को तैयार नहीं थी.

पुलिस और परिवार की मदद से बची जान

हालात बिगड़ते देख पुलिस ने महिला के पति और बच्चों को मौके पर बुलाया. पति को टंकी पर भेजा गया और पीछे से पुलिसकर्मी भी ऊपर पहुंचे. काफी मशक्कत और समझाइश के बाद महिला को सुरक्षित नीचे उतार लिया.

सीओ सिटी अजीत चौहान ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को सकुशल नीचे उतार लिया. उन्होंने कहा कि महिला की शिकायतों की जांच की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

लेखक के बारे में
img
Mohd. Asif
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Gangrape Case, Hardoi Crime News, UP Police Negligence, Gangrape Victim Commits Suicide, Police FIR
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com