- ग्रेटर नोएडा की एक हाईप्रोफाइल सोसाइटी में हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है.
- फ्लैट के पास में पुताई कर रहे कारपेंटर ने चोरी की घटना को अंजाम दिया था.
- कारपेंटर ने 10 लाख रुपए के गहने फ्लैट से चुराए थे, जिन्हें बरामद कर लिया गया है.
ग्रेटर नोएडा पुलिस ने कैपिटल एथेना सोसाइटी में हुई 10 लाख रुपए की चोरी का खुलासा कर दिया है. पुलिस ने बताया कि चोरी की घटना को एक कारपेंटर ने अंजाम दिया था. आरोपी की पहचान 21 साल के सोहेब के रूप में हुई है, जो आनंद विहार कॉलोनी मसूरी-डासना गाजियाबाद का रहने वाला है. उसके पास से चोरी की ज्वैलरी, अन्य सामान और 537 रुपये भी बरामद हुए हैं. बताया जा रहा है कि जब वह सोसाइटी में कारपेंटर का काम कर रहा था, इसी दौरान उसने सामने वाले फ्लैट की रेकी की और घर खाली मिलने पर किचन के रास्ते अंदर घुसकर अलमारी से ज्वैलरी चोरी कर ली. फ्लैट में रहने वाला परिवार रक्षाबंधन में छुट्टियों पर गया था.
1 सितंबर को हुई थी चोरी
डीसीपी सेंट्रल नोएडा शैलेंद्र सिंह ने बताया कि कैपिटल एथेना सोसाइटी निवासी मनुजपुरी ने शिकायत दी थी कि 1 सितंबर को अज्ञात चोर उनके फ्लैट में घुस गया. चोर घर से सोने के दो कंगन, एक अंगूठी, दो कान के टॉप्स, रोज गोल्ड की चेन व अंगूठी समेत अन्य सामान चोरी कर ले गया था. शिकायत के आधार पर दो सितंबर को बिसरख कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया.
ये वीडियो भी देखिए.
गाजियाबाद से हुई आरोपी की गिरफ्तारी
जिसके बाद पुलिस ने जांच टीम बनाई और जांच शुरू की थी. गुरुवार को चेकिंग के दौरान बाबा इलायची प्लांट से पहले कट के पास से सोहेब को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के मुताबिक, उसके पास से मुकदमे से संबंधित चोरी का सामान बरामद हुआ. आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह टावर-6 के फ्लैट नंबर-707 में कारपेंटर का काम कर रहा था. उसके सामने फ्लैट नंबर-702 था. 1 सितंबर को उसे पता चला कि फ्लैट में कोई मौजूद नहीं है. इसके बाद वह किचन के रास्ते फ्लैट के अंदर दाखिल हुआ. कमरे में रखी अलमारी से ज्वैलरी और अन्य सामान चोरी करने के बाद वह किचन के रास्ते ही बाहर निकल गया.
10 लाख रुपए की थी ज्वेलरी
आरोपी के कब्जे से रोज गोल्ड सेट, जिसमें एक चेन, दो टॉप्स और डायमंड लगी एक अंगूठी बरामद की है. इसके अलावा पीली धातु की एक अंगूठी, छह कंगन, सफेद धातु का ब्रेसलेट, छोटी चेन, तीन बिछवे और एक लॉक बरामद हुआ. तीन मोरनुमा लॉकेट लगी एक चेन और मुकदमे से संबंधित 537 रुपये नकद भी मिले हैं. बरामद माल की कीमत 10 लाख रुपये से अधिक है. आरोपी पिछले कई दिन से वहां काम कर रहा था, आरोपी मेंटेनेंस विभाग की तरफ से काम कर रहा था, घटना के वक्त पीड़ित परिवार घर से बाहर था.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं