विज्ञापन

जातिसूचक गालियों से भड़का मुर्गा फार्म का नौकर, रात में सोते मालिक को उतारा मौत के घाट

Greater Noida Murder Case: ग्रेटर नोएडा के जारचा थाना क्षेत्र में मुर्गा फार्म मालिक की उसके ही नौकर ने हत्या कर दी. पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात है.

जातिसूचक गालियों से भड़का मुर्गा फार्म का नौकर, रात में सोते मालिक को उतारा मौत के घाट

Greater Noida Murder Case: यूपी के ग्रेटर नोएडा के जारचा पुलिस थाना इलाके के खटाना गांव से एक दिल दहलाने वाली वारदात सामने आई है. नौकर ने मुर्गा फार्म मालिक की हत्या कर दी. नोएडा पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. हालांकि घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है, जिसे देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है.

पूर्व प्रधान जयवीर सिंह का बेटा था मृतक

जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान प्रशांत उर्फ चीची (उम्र 33 वर्ष) के रूप में हुई है. वह खटाना गांव के पूर्व प्रधान जयवीर सिंह का बेटा था और गांव के बाहर मुर्गा फार्म चलाता था. उसके फार्म पर बुलंदशहर क्षेत्र का एक युवक काम करता था. जांच में सामने आया है कि प्रशांत पिछले कुछ दिनों से अपने यहां काम करने वाले मजदूर को कथित तौर पर जाति सूचक गालियां देकर अपमानित कर रहा था. इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने अपने मालिक की हत्या कर दी.

कैसे दिया वारदात को अंजाम?

घटना शुक्रवार देर रात की बताई जा रही है. रोज की तरह प्रशांत अपने मुर्गा फार्म पर बने कमरे में सो रहा था. इसी दौरान आरोपी चुपके से कमरे में घुस गया और उसने पहले चाकू से प्रशांत की गर्दन पर वार किया. इसके बाद लोहे के पाइप से सिर पर हमला कर दिया, जिससे प्रशांत की मौके पर ही मौत हो गई. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने कमरे के बाहर से कुंडी लगा दी, ताकि घटना का तुरंत पता न चल सके, और फिर फरार हो गया.

सुबह खुला हत्या का राज

शनिवार सुबह जब दूसरा नौकर कमरे की ओर गया तो दरवाजा बाहर से बंद था. शक होने पर उसने कुंडी खोली और अंदर पहुंचा तो प्रशांत का शव चारपाई पर खून से लथपथ पड़ा मिला. इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई. मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

आरोपी गिरफ्तार, हथियार बरामद

घटना की खबर फैलते ही गांव में लोगों की भीड़ जमा हो गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया. परिजनों और ग्रामीणों ने नारेबाजी करते हुए आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की. हालात को देखते हुए गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है. 
पुलिस ने दो टीमों का गठन कर मुख्य आरोपी यशवीर को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल चाकू और लोहे की पाइप भी बरामद कर ली है.

ग्रेटर नोएडा के एडिशनल डीसीपी सुधीर कुमार ने बताया कि मुख्य आरोपी यशवीर निवासी ग्राम तोली जिला बुलंदशहर और दूसरा आरोपी हरदम निवासी ग्राम खालौर जिला बुलंदशहर को गिरफ्तार कर लिया गया है. इनके खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है. प्रारंभिक जांच में जाति सूचक विवाद हत्या की मुख्य वजह सामने आई है. फिलहाल मामले की आगे जांच जारी है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Noida, Uttar Pradesh
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com