- 35 लाख मजदूरों को 1,000 रुपये देने का ऐलान
- UP में कल बंद रहेगी मेट्रो-बस सेवाएं
- राज्य में कोरोना वायरस के कुल 23 मामले सामने आए
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को लोगों से कोरोना वायरस (Coronavirus) को लेकर भयभीत नहीं होने की अपील की है. उन्होंने कहा कि हमारे पास जरूरी चीजों और दवाइयों को पर्याप्त स्टॉक है. इसलिए सामान खरीदने के लिए दुकानों में भीड़ नहीं लगाएं और सामान की जमाखोरी न करें. मुख्यमंत्री ने ऐलान किया कि 15 लाख दिहाड़ी मजदूरों और कंस्ट्रक्शन क्षेत्र के 20.37 लाख श्रमिकों सभी को अपनी रोजाना की जरूरतें पूरी करने के लिए 1000 रुपये दिए जाएंगे.
सीएम योगी ने बताया कि राज्य में कोरोना वायरस के कुल 23 मामले सामने आए हैं. इसमें नौ लोगों में सुधार हुआ है. उत्तर प्रदेश में पर्याप्त संख्या में आइसोलेशन वार्ड हैं. उन्होंने कहा कि हम सभी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा बुलाए गए 'जनता कर्फ्यू' का पालन करना चाहिए. राज्य की सभी मेट्रो रेल, राज्य और सिटी बस सेवाएं कल बंद रहेंगी.. पीएम नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने गुरुवार को कोरोना वायरस को लेकर राष्ट्र को संबोधित किया था. उन्होंने देश के लोगों से 22 मार्च को 'जनता कर्फ्यू' (Janta Curfew) की अपील की थी.
Chief Minister Yogi Adityanath: Rs 1000 each will be given 15 lakh daily wage labourers and 20.37 lakh construction workers to help them meet their daily needs https://t.co/CRxZkoaHEt
— ANI UP (@ANINewsUP) March 21, 2020
इससे पहले उत्तर प्रदेश सरकार ने कोरोनावायरस के खतरे को देखते हुए राज्य के सभी मॉल, स्कूल, कॉलेज 2 अप्रैल तक बंद करने का आदेश दिया था. यूपी सरकार के अंतर्गत आने वाले सभी गैरजरूरी दफ्तर और सेवाएं भी 2 मार्च तक बंद की गई हैं. योगी सरकार द्वारा जारी आदेश में यह साफ कहा गया है कि किसी तरह के धार्मिक, सामाजिक, सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन 2 अप्रैल तक नहीं किया जाएगा.
सरकार की तरफ से जारी इस आदेश में शादी जैसे समारोह की इजाजत दी गई है, लेकिन साथ ही यह साफ कर दिया गया है कि शादी में एक समय पर सिर्फ 10 लोग ही मौजूद हो सकते हैं. अस्पतालों में भी सिर्फ इमरजेंसी वार्ड ही खुले रहेंगे. उन्होंने कहा कि लोगों को भीड़भाड़ वाले स्थानों पर जाने से बचना चाहिए, बेहद जरूरी काम पर ही घरों से बाहर निकलें.
देशभर में कोरोना के मरीजों की संख्या दिन पर दिन बढ़ती रही है और अभी तक इसकी संख्या 258 पहुंच गई है. कोरोना वायरस के चलते चार लोगों की जान भी जा चुकी है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं