गाजियाबाद के खोड़ा में हुए सूर्या हत्याकांड और बीते कुछ दिनों में सामने आए अपराध के बड़े मामलों के बाद पुलिस एक्शन मोड में आ गई है. कमिश्नरेट गाजियाबाद के लोनी और खोड़ा क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान शुरू किया गया है. इसके तहत 4 एसीपी (Assistant Commissioner of Police) अपनी टीम के साथ दोनों इलाकों में अपराधियों का सत्यापन और तलाश करेंगे. इस दौरान अपराध की दुनिया में सक्रिय पाए जाने वाले गुंडे, बदमाशों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.
एडिश्नल पुलिस कमिश्नर केशव चौधरी ने बताया कि गाजियाबाद के लोनी और खोड़ा में अपराध पर रोक लगाने के लिए यह अभियान शुरू किया गया है. जिसके तहत संदिग्ध और आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों का सत्यापन किया जाएगा, व्यापक स्तर पर तलाशी अभियान भी चलाया जाएगा. इस अभियान की निगरानी चार एसीपी करेंगे.
अपराधियों के खिलाफ की जाएगी कार्रवाई
एडिश्नल पुलिस कमिश्नर चौधरी ने कहा कि अभियान के दौरान कोई भी अपराधी सक्रिय पाया जाता है या उसके खिलाफ आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त होने के प्रमाण मिलते हैं, तो उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करना व अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाना है.
ये भी पढ़ें- लखनऊ और गाजियाबाद में हत्याओं के बाद एक्शन मोड में सीएम योगी, कुछ अधिकारी हटाए गए, कुछ लाइन हाजिर
अपहरण-हत्या मामले का जल्द करेंगे खुलासा
इस दौरान एडिश्नल पुलिस कमिश्नर ने लोनी के गनौली गांव में 48 घंटे पहले हुए सनसनीखेज अपहरण और हत्या के मामले पर भी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि पुलिस की छह टीमें घटना के खुलासे के लिए लगातार काम कर रही हैं. जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा.
जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने जरूरी कदम उठा रहे
एडिश्नल पुलिस कमिश्नर केशव चौधरी ने ग्रामीण जोन से कुछ दिन पहले नए बैच के दरोगाओं को हटाए जाने के सवाल पर भी जवाब दिया. उन्होंने कहा- अपराध नियंत्रण के लिए जो भी विधिक और प्रशासनिक उपाय आवश्यक हैं, उन्हें पुलिस कमिश्नरेट में लागू किया जा रहा है. पुलिस की प्राथमिकता अपराध पर प्रभावी नियंत्रण और जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करना है. इसके लिए सभी जरूरी कमद उठाए जा रहे हैं.
ये भी पढ़ें- सूर्या मर्डर केस: खोड़ा में असद के घर पर चलेगा बुलडोजर, प्रशासन ने नोटिस चिपकाया; 15 दिन की मोहलत क्यों दी?
(अभिषेक शर्मा की रिपोर्ट)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं