- गाजियाबाद के मुरादनगर इलाके में एक नवविवाहिता की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है.
- बताया जा रहा है कि महिला को दहेज के लिए ससुराल वालों की तरफ से परेशान किया जा रहा था.
- उसके छत से गिरने का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है. जिसमें महिला गिरती दिख रही है.
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के मुरादनगर इलाके में 6 महीने की नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. बताया जा रहा है कि महिला के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर 30 लाख रुपये नकदी और स्कॉर्पियो-एन कार की मांग पूरी न होने पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है. एक सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें महिला छत से नीचे गिरते दिख रही है. घटना के बाद महिला के पति को गिरफ्तार कर लिया गया है. परिजनों का आरोप है कि मौत से कुछ देर पहले भी महिला ने अपने मायके में भाई से बात की थी और घर में चल रही परेशानी की बात कही थी.
मुरादनगर का मामला
मामला मुरादनगर के नेहा पैंट हाउस मेन रोड इलाके का है. बताया जा रहा है कि 7 सितंबर की रात विवाहिता ने अपने भाई को फोन किया था, भाई के मुताबिक, वह फोन पर रो रही थी और बता रही थी कि उसके साथ मारपीट की जा रही है और उसे जान से मारने की कोशिश हो रही है. कुछ ही देर बाद परिवार को सूचना मिली कि विवाहिता छत से नीचे गिर गई है. परिजन आनन-फानन में अस्पताल पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
सीसीटीवी आया सामने
इस पूरे मामले में सामने आया सीसीटीवी फुटेज भी बेहद अहम है, फुटेज में महिला छत से नीचे गिरती हुई नजर आ रही है. मृतका के भाई ने इसी फुटेज और घटनाक्रम के आधार पर ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं. हालांकि महिला को छत से धक्का दिया गया या वह खुद गिरी इसकी पुष्टि जांच के बाद ही होगी. पुलिस सीसीटीवी फुटेज समेत तमाम साक्ष्यों की जांच कर रही है. मृतका के भाई का आरोप है कि शादी के बाद से ही बहन के ससुराल वाले दहेज में 30 लाख रुपये और स्कॉर्पियो-एन कार की मांग कर रहे थे. मांग पूरी नहीं होने पर विवाहिता को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था. 10 सितंबर को मुरादनगर थाने में पति गौरव सहित पांच लोगों के खिलाफ दहेज मृत्यु समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था.
पत्नी की मौत के बाद फरार हुआ था पति
इस मामले में एसीपी सुनील कुमार ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि महिला की छत से गिरने की सूचना 7 सितंबर को मिली थी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया 10 सितंबर को उनकी मौत हो जाती है. मृतका के परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया और आरोपी पति जो फरार चल रहा था उसे गिरफ्तार किया गया है. घटना के बाद से ही पति फरार हो गया था. हालांकि पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है. बताया जा रहा है कि पति ने पूछताछ में दहेज में 30 लाख रुपये और स्कॉर्पियो-एन की मांग करने की बात स्वीकार की है.
ये भी पढ़ेंः पत्नी और तीन बेटियों का कातिल गिरफ्तार, होटल के कैमरे से मिला सुराग; पत्थर से सिर कुचलकर हत्या का आरोप
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं