विज्ञापन

बेटी की शादी कर लौट रहे 5 लोग समेत पालतू कुत्ते की मौत, स्कॉर्पियो–ट्रेलर की टक्कर ने उजाड़ा परिवार

Mau Road Accident: गोरखपुर के रानीडीहा गांव का परिवार रांची से बेटी की शादी कर लौट रहा था. स्कॉर्पियो अचानक अनियंत्रित होकर दूसरी लेन में चली गई और सामने से आ रहे ट्रेलर से टकरा गई.

बेटी की शादी कर लौट रहे 5 लोग समेत पालतू कुत्ते की मौत, स्कॉर्पियो–ट्रेलर की टक्कर ने उजाड़ा परिवार
हादसे के बाद क्षतिग्रस्त कार.

उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में शुक्रवार देर रात सड़क हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई. रांची से बेटी की शादी कर लौट रहे गोरखपुर के परिवार में 5 लोगों की मौत हो गई. इसके अलावा पालतू कुत्ते की भी जान गई है. इस दर्दनाक हादसे ने शादी की खुशियों को अचानक मातम में बदल दिया है. सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और हादसे के बारे में परिवार के अन्य सदस्यों को जानकारी दी है.

दरअसल, मऊ के दोहरीघाट थाना क्षेत्र में शादी समारोह संपन्न कर लौट रहे परिवार की स्कॉर्पियो कार शुक्रवार-शनिवार रात बरसातपुर-अहिरानी हाईवे पर करीब 2 बजे भीषण दुर्घटना का शिकार हो गई. जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो कार अचानक अनियंत्रित होकर अपनी लेन से दूसरी लेन में पहुंच गया और सामने से आ रहे ट्रेलर से जोरदार टक्कर हो गई.

Latest and Breaking News on NDTV

घर पहुंचने से पहले उजड़ा परिवार

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो में सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे में उनके साथ मौजूद एक पालतू कुत्ते की भी जान चली गई. घटना के बाद इलाके में चीख-पुकार सुन राहगीरों की भीड़ जुट गई. बताया जा रहा है कि मृतक परिवार रांची में अपनी पुत्री की शादी संपन्न कराकर गोरखपुर के रानीडीहा गांव लौट रहा था, लेकिन घर पहुंचने से पहले ही यह दर्दनाक हादसा हो गया.

सूचना मिलते ही दोहरीघाट थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए सभी शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल मऊ के मर्चरी हाउस भेज दिया.

ये हैं मृतक

मृतकों की पहचान विनय श्रीवास्तव (53), उनकी पत्नी अर्चना श्रीवास्तव (48) और पुत्र कृतार्थ श्रीवास्तव (27) के रूप में हुई है. इनके अलावा रविन्द्र यादव (20) और पुरुषोत्तम कुमार (28) की भी इस हादसे में मौत हो गई. रविन्द्र यादव और पुरुषोत्तम कुमार बिहार के गया जिले के मटीहानी गांव के निवासी बताए जा रहे हैं.

इस हृदयविदारक घटना ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया है. एक ही परिवार के कई सदस्यों की एक साथ मौत से उस क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है. वहीं, प्रशासन द्वारा मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.

ये भी पढ़ें- हरिद्वार बोरोवेल हादसा: 10 घंटे बाद रेस्क्यू पूरा, मनोहर की मौत; कांगड़ी गांव में शोक व गुस्सा

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com