नोएडा में पांच वर्षीय बच्चे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में पुलिस ने उसके पिता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में लिया है. बच्चे की मां ने आरोप लगाया है कि पति ने कहासुनी के दौरान बच्चे की कमर में मुक्का मारा, जिसके बाद वह बेहोश होकर गिर गया. अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
थाना प्रभारी फेज 3 ने बताया कि घटना 29 अगस्त को थाना फेस-3 क्षेत्र के मामूरा इलाके में हुई.पुलिस को डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति ने अपने पांच वर्षीय पुत्र को मुक्का मारकर घायल कर दिया है.
पुलिस के मुताबिक, मौके पर पहुंची टीम को बच्चे की मां ने बताया कि उसके पति विकास पुत्र जय बेसन, मूल निवासी बड़ा बम्हौरा, जिला शाहजहांपुर, ने उसके पांच वर्षीय बेटे आकाश को मुक्का मारा था. इसके बाद वह बच्चे को अस्पताल लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
पुलिस ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर थाना फेस-3 में संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है और आरोपी विकास को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.
ये भी पढ़ें- हिमांशु भाऊ गैंग के 4 गुर्गे कोटा से गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने अपने बेटे को मुक्का मारने के आरोप से इनकार किया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. अब इस प्रकार के मामले पहले भी सामने आए हैं जहां पर मासूमों पर इस तरह से अत्याचार किया गया है. इस मामे में भी पुलिस ने अपनी जांच शुरू कर दी है. यहां पिता ने क्योंकि सभी आरोपों को खारिज किया है, ऐसे में पुलिस सच्चाई जानने की कोशिश कर रही है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं