- कोरोना वायरस से चीन में 425 लोगों की मौत
- दुनिया के कई देशों में फैला कोरोना वायरस
- केरल में भी पाए गए संक्रमण के दो पॉजिटिव केस
चीन में फैले कोरोना वायरस (Coronavirus) ने इस समय तहलका मचा रखा है. इस बीच वाराणसी में चीन से लौटे एक युवक के दीनदयाल अस्पताल में जांच कराने पहुंचने पर हड़कंप मच गया. प्राथमिक जांच में युवक के शरीर में कोरोना वायरस का कोई लक्षण तो नहीं मिला है, फिर भी एहतियात के तौर पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से संदिग्ध मरीज मानकर उसका सैंपल लखनऊ भेजा जा रहा है. अब उसी रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी. चिकित्सकों के अनुसार, उसमें वायरस की पुष्टि नहीं हुई. उसे इस हिदायत के साथ घर भेज दिया गया कि वह चार हफ्ते तक स्वास्थ्य विभाग के संपर्क में रहेगा और तबीयत खराब होने पर तत्काल सूचना देगा. डॉक्टरों के अनुसार, युवक की रिपोर्ट नार्मल है. वायरस की पुष्टि नहीं हुई है.
वाराणसी के भोजूबीर इलाके का युवक चीन के जियामेन शहर में नौकरी करता है. वहां तबीयत खराब होने पर 23 जनवरी को वह कोलकाता आया और वहां से बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचा. एक दिन पहले दोबारा उसकी तबीयत हल्की खराब हुई तो वह कोरोना वायरस के अंदेशे में जांच कराने जिला अस्पताल पहुंचा. अस्पताल के आइसोलेशन वॉर्ड में उसकी जांच की गई. एमएस डॉक्टर वी. शुक्ला का कहना है कि युवक की रिपोर्ट नार्मल है. सीएमओ डॉक्टर वी.बी. सिंह ने बताया कि जानकारी मिलने पर वह जिला अस्पताल गए थे. एनआरआई में वायरस की पुष्टि नहीं हुई है.
उन्होंने बताया कि शासन के निर्देश पर चीन से आने वाले सभी लोगों की जांच कराई जानी है. चीन से वापस आने की जानकारी मिलने के बाद आइसोलेशन वॉर्ड में भर्ती कर उसकी जांच कराई गई, लेकिन रिपोर्ट में कुछ नहीं आया. एहतियात के तौर पर केजीएमयू में भी सैंपल भेजा जा रहा है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा. गौरतलब है कि कोरोना वायरस को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट है. जिला, मंडलीय अस्पताल और बीएचयू में आइसोलेशन वॉर्ड बने हैं. एयरपोर्ट पर चीन से आने वाले लोगों पर नजर रखी जा रही है. इसके लिए वाराणसी के बाबतपुर एयरपोर्ट पर हेल्प डेस्क भी बनाई गई है.
VIDEO: भारत में कोरोना वायरस का तीसरा मामला आया सामने
(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं