विज्ञापन

पहले यूपी में माफिया चलाते थे सरकार, भाजपा ने तोड़ दी कमर; निवेश 3.0 के शुभारंभ में बोले CM योगी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्नत सिंगल विंडो पोर्टल निवेश 3.O का शुभारंभ किया. उन्होंने पिछली सरकारों को विकास विरोधी करार देते हुए कहा कि पहले यूपी में निवेश के नाम पर लोग हंसते थे, लेकिन अब राज्य निवेश के लिए एक पसंदीदा स्थान बन गया है.

पहले यूपी में माफिया चलाते थे सरकार, भाजपा ने तोड़ दी कमर; निवेश 3.0 के शुभारंभ में बोले CM योगी

Uttar Pradesh Investment 3.0: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) ने मंगलवार को उन्नत सिंगल विंडो पोर्टल निवेश 3.O शुभारंभ किया. उन्होंने पिछली सरकारों को विकास विरोधी करार दिया. सीएम योगी ने संबोधन में कहा कि पहले यूपी में निवेश के नाम पर लोग ठहाके लगाकर हंसते थे. पहले की सरकारों ने लोगों का विश्वास तो तोड़ा ही, साथ ही युवाओं के सपने चकनाचूर किए. सीएम ने आगे कहा कि पहले हर थाना क्षेत्र में माफिया एक समानांतर सरकार चलाई जाती थी. हर वर्ग परेशान था. इसके बाद यूपी में भाजपा सरकार ने जीरो टोरलेंस कि नीति के तहत काम किया.

आज उन सभी लोगों का फोन आता है कि हम यूपी में निवेश करना चाहते हैं. पूरे देश के अंदर किसी भी उद्यमी के लिए पसंदीदा स्थान कोई होता है तो वो उत्तर प्रदेश है, यही हमारी पूंजी है. पिछली सरकारों ने इस विश्वास को राजनीतिक कारणों से तोड़ा था. उत्तर प्रदेश की पहचान पर संकट खड़ा किया गया था.

फूड प्रोसेसिंग सेक्टर में ज्यादा संभावनाएं

सीएम योगी ने संबोधन में आगे कहा कि यूपी को फूड बास्केट कहा जाता है, यहां फूड प्रोसेसिंग के सेक्टर में सबसे ज्यादा संभावना है. पिछले नौ वर्ष के अंदर हमने इस सेक्टर को और अच्छे से आगे बढ़ाया है. सिर्फ उत्तर प्रदेश ही भारत के अंदर 21 फीसदी खाद्यान्न उत्पादन कर रहा है.

पहले निवेश के नाम पर हंसता था उद्यमी

उत्तर प्रदेश औद्योगिक निवेश का बेहतरीन विकल्प बने इसके लिए बहुत मेहनत की है. 2017 में देश के किसी उद्यमी को निवेश के लिए बोलते थे तो वो हम पर हंसता था. कुछ लोग कहते थे, हम लोगों ने पांच साल पहले संकल्प लिया था कि हम यूपी नहीं जाएंगे. ये सच्चाई है, जिसका हमने 2017 में सामना किया था.

माफिया ने खड़ा किया था संकट

यूपी की पहचान का संकट समांतर सरकार चलाने वाले माफिया ने खड़ा किया था. हमने तय किया इस माफिया की कमर तोड़नी है. परसेप्शन (धारणा) बदलने के लिए हमने जो जीरो टॉलरेन्स की नीति हमने लागू की, वो आज भी जारी है. अगर किसी माफिया ने आज दुस्साहस किया तो वो यमराज के पास जाने के लिए अपना टिकट कटा रहा है.

भारत में एक्सप्रेस-वे (Expressway in UP) के अंदर यूपी कि हिस्सेदारी 60 फीसदी होने जा रही है. पहले यूपी में 2.5 एयरपोर्ट कार्यरत थे, यानी लखनऊ, बनारस और आधे में गोरखपुर और आगरा. आज 16 डोमेस्टिक फ्लाइट हैं. जेवर एयरपोर्ट का उद्घाटन जल्दी प्रधानमंत्री मोदी करने वाले हैं, जो देश के बड़े एयरपोर्ट में शुमार है.

सीएम योगी ने 2014 में गुजरात का दौरा किया याद

सीएम योगी ने कहा कि वह 2014 में गुजरात दौरे पर थे तो सड़क पर जाते हुए भीड़ देखकर रुक गए. वहां यूपी के एक उद्यमी मिले. मैंने रुककर उनसे पूछा कि आप यहां कैसे? उन्होंने कहा कि आपके स्वागत में हम यहां खड़े है. उन्होंने कहा कि यहां उनकी फैक्ट्री लगी है. मैंने कहा कि यूपी में क्यों नहीं लगाते? उन उद्यमी ने कहा वहां कौन सुरक्षा देगा? आज उन्होंने गोरखपुर में एक फैक्ट्री लगाई है. यूपी के हर हिस्से में विकास हो रहा है. बुंदेलखंड, सेन्ट्रल यूपी, वेस्टर्न यूपी में निवेश आ रहा है.

ये भी पढ़ें- प्रयागराज कोल्डस्टोरेज हादसे में 4 मजदूरों की मौत, सपा नेता अंसार अहमद और बेटे समेत पर कई पर हत्या का केस दर्ज

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com