उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को भाजपा कार्यकर्ताओं को एकजुटता का बड़ा मंत्र दिया. लखनऊ में हुई भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में उन्होंने कहा - 'बंटेंगे नहीं तो कटेंगे भी नहीं.'
सीएम योगी ने कार्यकर्ताओं को चेताया कि समाज को जाति के नाम पर बांटने वालों से सतर्क रहना होगा. उन्होंने कहा कि विखंडन करने वाले लोग बांटने में विश्वास करते हैं और इसी वजह से वे काटने में सफल होते हैं.
मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से कहा कि आने वाले चुनावों के लिए अभी से पूरी ताकत से जुट जाएं. सरकार की उपलब्धियों को बूथ स्तर तक ले जाएं और सोशल मीडिया पर पॉजिटिव सोच के साथ प्रचार करें. उन्होंने कहा कि भाजपा की पहचान उसकी विचारधारा और मूल्यों से है, जो कभी नहीं बदलते.
सपा पर साधा निशाना, याद दिलाया 1990 का गोलीकांड
योगी ने समाजवादी पार्टी पर जमकर हमला बोला. उन्होंने 30 अक्टूबर 1990 की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि तत्कालीन सरकार ने वोट के लिए रामभक्तों और कारसेवकों पर गोलियां चलवाई थीं. उस दिन अयोध्या की गलियां लहूलुहान हो गई थीं और सरयू का पानी खून से लाल हो गया था.
उन्होंने कहा कि उस समय कार्यकर्ताओं ने नारा दिया था - लाठी-गोली खाएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे. आज वही सपा जो राम मंदिर का विरोध करती थी, अयोध्या के विकास की बात करती है.
कांग्रेस पर भी वार
सीएम ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि 2014 से पहले देश में गरीबी, भ्रष्टाचार और असुरक्षा थी. गरीबों को सिर्फ वोट बैंक समझा जाता था. पीएम मोदी के आने के बाद भारत 'फ्रेजाइल फाइव' से निकलकर दुनिया की टॉप 5 अर्थव्यवस्था बना है.
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में 4.5 लाख युवाओं के नाम अभी तक नहीं जुड़े हैं, उन्हें जोड़ना होगा. जातीय सम्मेलन करने के बजाय सभी वर्गों को जोड़ने वाले कार्यक्रम करने होंगे.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं