विज्ञापन

अफजाल अंसारी की बढ़ेंगी मुश्‍क‍िलें, शस्त्र लाइसेंसों की जांच में बड़े खुलासे के बाद मुकदमा दर्ज

पुलिस का कहना है कि अन्य शस्त्र लाइसेंसों की जांच अभी जारी है और जहां भी अनियमितताएं मिलेंगी, वहां आगे भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी. 

अफजाल अंसारी की बढ़ेंगी मुश्‍क‍िलें, शस्त्र लाइसेंसों की जांच में बड़े खुलासे के बाद मुकदमा दर्ज
  • मुख्तार अंसारी के आईएस- 191 गैंग के सदस्यों से जुड़े शस्त्र लाइसेंसों की जांच में बड़ा खुलासा
  • जांच में कई शस्त्रों की मौजूदा स्थिति का पता नहीं चल सका
  • कुछ महत्वपूर्ण अभिलेख भी मिले हैं गायब

गाजीपुर पुलि‍स ने सपा सांसद अफजाल अंसारी पर मुकदमा दर्ज कि‍या है. दरअसल, माफिया मुख्तार अंसारी गैंग से जुड़े शस्त्र लाइसेंसों की जांच में बड़ा खुलासा हुआ है. पुलिस ने गैंग आईएस-191 के सदस्यों और तत्कालीन शस्त्र लिपिकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. जांच में कई शस्त्रों की मौजूदा स्थिति का पता नहीं चल सका, जबकि कुछ महत्वपूर्ण अभिलेख भी गायब मिले हैं. 

वाराणसी परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक के निर्देश पर गाजीपुर पुलिस माफिया मुख्तार अंसारी गिरोह आईएस-191 के सदस्यों और सहयोगियों को जारी शस्त्र लाइसेंसों की व्यापक जांच कर रही है. जांच के लिए अपर पुलिस अधीक्षक नगर और ग्रामीण के नेतृत्व में विशेष टीमें गठित की गई हैं. इन टीमों ने उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के अलावा दिल्ली, पंजाब और अरुणाचल प्रदेश तक जाकर शस्त्र लाइसेंसों और उनसे जुड़े अभिलेखों का सत्यापन किया. जांच में कुल 51 शस्त्र लाइसेंसों पर खरीदे और बेचे गए 145 शस्त्रों का भौतिक सत्यापन किया जा रहा है. 

कई शस्त्र लाइसेंस के पेपर म‍िले गायब

जांच के दौरान जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय गाजीपुर के अभिलेखागार से कई शस्त्र लाइसेंस और क्रय-विक्रय से संबंधित मूल पत्रावलियां गायब मिलीं. पुलिस के अनुसार, कुछ शस्त्रों की वर्तमान स्थिति का भी पता नहीं चल सका है और शस्त्रों की खरीद-बिक्री में अनियमितताओं के तथ्य सामने आए हैं. 

ल‍िप‍िकों से म‍िलीभगत कर अभि‍लेखों को गायब कराने का आरोप

पुलिस का आरोप है कि तत्कालीन शस्त्र लिपिकों से मिलीभगत कर मूल अभिलेख गायब कराए गए, ताकि इन शस्त्रों का इस्तेमाल गैंग के सदस्य आपराधिक गतिविधियों में कर सकें. इसी क्रम में अफजाल अंसारी के नाम जारी शस्त्र लाइसेंस संख्या 1188 पी-2 से संबंधित पत्रावली और क्रय-विक्रय अभिलेख गायब मिलने और उस लाइसेंस पर खरीदी गई राइफल नंबर 830405 की वर्तमान स्थिति स्पष्ट न होने पर कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है. 

अफजाल अंसारी समेत तीन के खि‍लाफ एफआईआर

इस मामले में अफजाल अंसारी के साथ तत्कालीन प्रथम शस्त्र लिपिक असफाक अहमद और द्वितीय शस्त्र लिपिक गौरी शंकर राम को नामजद किया गया है. पुलिस का कहना है कि अन्य शस्त्र लाइसेंसों की जांच अभी जारी है और जहां भी अनियमितताएं मिलेंगी, वहां आगे भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी. 

एसपी ने क्‍या बताया? 

गाजीपुर के एसपी डॉ. ईरज राजा ने बताया क‍ि आईएस-191 गैंग से जुड़े लोगों के शस्त्र लाइसेंसों और उससे जुड़े अभिलेखों का भौतिक सत्यापन कराया गया, जिसमें बहुत सारी मूल पत्रावलियां गायब मिली, इसी क्रम में अफजाल अंसारी के नाम जारी शस्त्र लाइसेंस क्रय- विक्रय अभिलेख गायब मिलने पर कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है. 
 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Afzal Ansari, Mukhtar Ansari, UP News, Uttar Pradesh News, Ghazipur News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com