विज्ञापन

बुलंदशहर ट्रिपल मर्डर केस में बड़ा एक्शन, 3 आरोपी गिरफ्तार, अंतिम संस्कार में भारी पुलिस बल तैनात

बुलंदशहर के खुर्जा में जिम के अंदर जन्मदिन की पार्टी के दौरान हुए ट्रिपल मर्डर मामले में पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है. अब तक 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि बाकी की तलाश जारी है. तीन युवकों की गोली मारकर हत्या के बाद इलाके में तनाव है.

बुलंदशहर ट्रिपल मर्डर केस में बड़ा एक्शन, 3 आरोपी गिरफ्तार, अंतिम संस्कार में भारी पुलिस बल तैनात
मृतकों को फोटो.

Bulandshahr Triple Murder Case Update: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले से सामने आए ट्रिपल मर्डर केस ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है. जिम के अंदर हुई ताबड़तोड़ फायरिंग में तीन युवकों की मौत के बाद पुलिस पूरी तरह से एक्शन मोड में है. मामले की गंभीरता को देखते हुए अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि बाकी की तलाश में लगातार छापेमारी चल रही है. माहौल तनावपूर्ण है और अंतिम संस्कार के दौरान शांति बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है.

(बुलंदशहर से जीशान अली की रिपोर्ट)

जिम में जन्मदिन की पार्टी बनी मौत की वजह

यह सनसनीखेज वारदात बुलंदशहर के खुर्जा क्षेत्र के सुभाष रोड स्थित एक जिम में शनिवार‑रविवार की रात हुई. जानकारी के मुताबिक जिम में एक जन्मदिन की पार्टी चल रही थी. इसी दौरान दोस्तों के बीच केक चेहरे पर लगाने को लेकर हल्की कहासुनी हो गई. बात इतनी बढ़ गई कि विवाद हाथापाई में बदल गया और कुछ ही पलों में गोलीबारी शुरू हो गई.

तीन युवकों की मौके पर मौत

गोलीबारी की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया. हालांकि डॉक्टरों ने तीनों युवकों को मृत घोषित कर दिया. शुरुआती जांच में पता चला कि विवाद की जड़ आरोपी का जन्मदिन था और इसी दौरान हुए मजाक ने हिंसक रूप ले लिया.

पुलिस का बड़ा एक्शन, 3 आरोपी गिरफ्तार

ट्रिपल मर्डर केस में पुलिस ने तेजी दिखाते हुए अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. मेरठ जोन के एडीजी भानु भास्कर ने बताया कि बाकी आरोपियों की तलाश के लिए आठ पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं. पुलिस का दावा है कि सभी आरोपियों की पहचान कर ली गई है और जल्द ही उन्हें भी पकड़ लिया जाएगा.

मोबाइल और CCTV फुटेज से मिले अहम सुराग

जांच के दौरान पुलिस ने मौके पर मौजूद कई लोगों के मोबाइल फोन जब्त किए हैं. इसके साथ ही आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है. इन तकनीकी सबूतों के आधार पर पूरी घटना की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं, जिससे आरोपियों तक पहुंचने में मदद मिली है.

वरिष्ठ अधिकारी कैंप कर रहे हैं मौके पर

मेरठ जोन के डीआईजी कलानिधि नैथानी खुद बुलंदशहर में डेरा डाले हुए हैं. वह देर रात से मामले की लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं. पुलिस प्रशासन का पूरा फोकस इस बात पर है कि किसी भी हालत में कानून‑व्यवस्था न बिगड़े और दोषियों को सख्त सजा दिलाई जा सके.

अंतिम संस्कार में तैनात रहा भारी पुलिस बल

घटना के बाद मृतकों के परिजनों में भारी आक्रोश है. हालात को देखते हुए तीनों शव जब घर पहुंचे, तब से ही सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए. अंतिम संस्कार के दौरान करीब 200 पुलिस कर्मी तैनात किए गए. एसपी सिटी, कई सीओ और आसपास के थानों की पुलिस मौके पर मौजूद रही ताकि किसी तरह की अप्रिय स्थिति न बने.  

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bulandshahr Triple Murder Case, Khurja Gym Shooting Incident, Bulandshahr Crime News Today, UP Triple Murder Arrest, Gym Firing Case India, Birthday Party Shooting Crime
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com