Asaduddin Owaisi Bahraich UP: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक पार्टियों ने अपनी सियासी जमीन तैयार करनी शुरू कर दी है. इसी क्रम में ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के राष्ट्रीय अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी रविवार को यूपी के बहराइच आ रहे हैं. ओवैसी के इस बहराइच दौरे को उनकी पार्टी के चुनावी शंखनाद के रूप में देखा जा रहा है.
बहराइच में डटे एआईएमआईएम के दिग्गज नेता
असदुद्दीन ओवैसी के प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों के लिए पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली समेत कई बड़े नेता इन दिनों बहराइच में डेरा जमाए हुए हैं. एनडीटीवी से खास बातचीत में शौकत अली ने कहा कि उनकी पार्टी एआईएमआईएम उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत तो पहले ही कर चुकी है, लेकिन 14 जून को बहराइच से राष्ट्रीय अध्यक्ष उत्तर प्रदेश की कुछ विधानसभा सीटों के लिए पार्टी प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर सकते हैं.

UP 2027: बहराइच से ओवैसी का चुनावी बिगुल, सपा बोली- 'BJP की B-Team' का खेल खत्म करेगी जनता!
Photo Credit: asaduddin owaisi
यूपी की 200 सीटों पर चुनाव लड़ेगी AIMIM
शौकत अली ने बताया कि यूपी में AIMIM 200 सीटों पर चुनाव लड़ने जा रही है और अगर हमारा गठबंधन किसी अन्य पार्टी से होता है, तो हम पूरी तरह से गठबंधन धर्म का पालन करेंगे. उन्होंने आगे कहा कि दलितों और मुसलमानों का गठबंधन अन्य सभी राजनीतिक पार्टियों को हराने का माद्दा रखता है. गाजी सालार राष्ट्रीय एकता के प्रतीक हैं, क्योंकि उनमें मुसलमानों से ज्यादा हिंदुओं की आस्था है.
मुस्लिम ध्रुवीकरण के आरोपों पर शौकत अली का जवाब
यूपी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर पार्टी की रणनीति पर चर्चा करते हुए शौकत अली ने स्पष्ट किया कि पार्टी का मुस्लिम ध्रुवीकरण का कोई एजेंडा नहीं है. उन्होंने यह भी कहा कि असदुद्दीन ओवैसी के लिए अखिलेश यादव कोई चुनौती नहीं हैं. पार्टी के चुनाव लड़ने से यूपी में '80 बनाम 20' की लड़ाई होने वाली बात पूरी तरह से गलत है.
ओवैसी ने बहराइच रैली के बारे में क्या लिखा?
बहराइच में ओवैसी का शक्ति प्रदर्शन
जनसभा की जगह: शंकरपुर चौराहा, मटेरा विधानसभा, बहराइच (उत्तर प्रदेश)
तारीख: 14 जून 2026 (इतवार)
समय: शाम 5:00 बजे से रात 10:00 बजे तक
ओवैसी भाजपा की 'बी टीम': समाजवादी पार्टी का पलटवार
दूसरी तरफ, ओवैसी के बहराइच दौरे पर समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक एवं प्रवक्ता रविदास मेहरोत्रा की तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है. उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि ओवैसी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लिए काम करते हैं. उनकी पार्टी एआईएमआईएम असल में भाजपा की 'बी टीम' है. यूपी चुनाव 2027 में गैर-भाजपा वोटों को बांटने के लिए भाजपा ने ओवैसी को आगे किया है. वह सिर्फ और सिर्फ वोटों का ध्रुवीकरण करने के मकसद से यूपी चुनाव में दिलचस्पी ले रहे हैं. लेकिन जनता जानती है कि भाजपा के सामने सिर्फ समाजवादी पार्टी ही एकमात्र विकल्प है और उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 में समाजवादी पार्टी पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता में वापसी करेगी.
ये भी पढ़ें- 'बांटने वाले आपके हितैषी नहीं...' आजमगढ़ में इशारों ही इशारों में ओवैसी पर बरसे सीएम योगी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं