विज्ञापन

आगरा के भाजपा विधायक का निधन, दो दिन से बुखार, नोएडा में भर्ती थे छोटेलाल वर्मा

आगरा के भाजपा विधायक छोटेलाल वर्मा के निधन से शोक की लहर दौड़ गई है. छोटेलाल वर्मा दो दिन से बुखार से पीड़ित थे. उनकी हालत लगातार बिगड़ती जा रही थी. जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए नोएडा में भर्ती करवाया गया था.

आगरा के भाजपा विधायक का निधन, दो दिन से बुखार, नोएडा में भर्ती थे छोटेलाल वर्मा
आगरा के फतेहाबाद के भाजपा विधायक छोटेलाल वर्मा.
NDTV
  • आगरा की फतेहाबाद विधानसभा सीट से चार बार विधायक रहे छोटेलाल वर्मा का 73 वर्ष की आयु में निधन हुआ.
  • उन्हें दो दिन पहले बुखार हुआ था और तबीयत बिगड़ने पर नोएडा के अस्पताल में भर्ती कराया गया था.
  • छोटेलाल वर्मा के परिवार में तीन बेटे और तीन बेटियां शामिल हैं और उन्हें पार्टी में शोक की लहर मिली.
आगरा:

उत्तर प्रदेश में आगरा की फतेहाबाद विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक छोटेलाल वर्मा का गुरुवार को निधन हो गया. वह 73 वर्ष के थे. भाजपा के जिला कोषाध्यक्ष नीरज परमार ने बताया कि चार बार विधायक रहे छोटेलाल वर्मा ने नोएडा के एक अस्पताल में अंतिम सांस ली. परिवार के सूत्रों ने बताया कि दो दिन पहले उन्हें बुखार लगा, फिर तबीयत अचानक ज्यादा खराब हो गई, जिसके बाद उन्हें आगरा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था. हालत बिगड़ने पर उन्हें नोएडा ले जाया गया, जहां उनका निधन हो गया.

परिवार में तीन बेटे-तीन बेटियां

परिवार के अनुसार, वर्मा के तीन बेटे और तीन बेटियां हैं. परमार ने बताया कि विधायक वर्मा के निधन से पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं में शोक की लहर है. वर्मा के निधन पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शोक व्यक्त किया और शोकाकुल परिवार को यह दुःख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की.

सीएम योगी आदित्यनाथ ने दी श्रद्धांजलि

आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स' पर कहा, ‘‘जनपद आगरा के फतेहाबाद विधानसभा क्षेत्र के विधायक छोटेलाल वर्मा का निधन अत्यंत दुःखद है. विनम्र श्रद्धांजलि.'' उन्होंने कहा, ‘‘प्रभु श्रीराम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को सद्गति तथा शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें. ॐ शांति!''

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने परिजनों से बात कर दी सांत्वना

भाजपा की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष पंकज चौधरी ने भी पार्टी विधायक के निधन पर शोक व्यक्त किया. उन्होंने ‘एक्स' पर अपने शोक संदेश में कहा, ‘‘आगरा के फतेहाबाद विधानसभा क्षेत्र से माननीय विधायक छोटेलाल वर्मा के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है.'' चौधरी ने कहा कि उन्होंने इस कठिन और पीड़ादायक समय में वर्मा के परिजनों से बात कर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं और उन्हें ढांढस बंधाया.

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि अपनों को खोने का दुःख शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता और इस दुःख की घड़ी में भाजपा परिवार पूरी संवेदना के साथ शोकाकुल परिजनों के साथ खड़ा है.

यह भी पढ़ें - BSP के इकलौते विधायक उमाशंकर सिंह का निधन, मायावती-अखिलेश समेत कई नेताओं ने जताया दुख

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Agra, BJP MLA, BJP MLA Passes Away, Fatehabad, Agra News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com