अगर आप उत्तर प्रदेश में रहते हैं, गाय पालन का शौक है या छोटा-मोटा डेयरी बिजनेस शुरू करना चाहते हैं, तो आपके लिए योगी सरकार शानदार तोहफा लेकर आई है. 'मिनी नन्दिनी कृषक समृद्धि योजना' के तहत अब डेयरी यूनिट शुरू करने के लिए 11.80 लाख रुपए तक की सरकारी मदद (सब्सिडी) मिल रही है. इसका मकसद किसानों की कमाई बढ़ाना और प्रदेश को दूध उत्पादन में सबसे आगे ले जाना है. आइए जानते हैं इस योजना का फायदा कैसे उठा सकते हैं, आपको क्या करना होगा और फॉर्म भरने की लास्ट डेट क्या है.
योजना में कब कितनी मदद मिलेगी
इस योजना में 10 उन्नत नस्ल की देसी गायों की एक यूनिट खड़ी करनी होगी, जिसे तैयार करने का अनुमानित खर्च 23.60 लाख रुपए तय किया गया है. इसका आधा (50%) 11.80 लाख रुपए सरकार सब्सिडी देगी. यह पैसा दो किस्तों में मिलेगा. आपको कुल खर्च का सिर्फ 15% पैसा खुद लगाना होगा. बाकी 35% हिस्सा बैंक से लोन ले सकते हैं. अगर आपके पास पैसे हैं, तो बिना लोन भी शुरू कर सकते हैं. इसके लिए बैंक अकाउंट का पिछले 6 महीने का सर्टिफाइड स्टेटमेंट दिखाना होगा.
महिलाओं के लिए खास छूट
इस योजना में 50% कोटा महिला पशुपालकों और दूध उत्पादक महिलाओं के लिए रिजर्व रखा गया है. यानी जितनी भी यूनिट्स बांटी जाएंगी, उनमें से आधी महिलाओं को मिलेंगी, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें.
गौपालकों के लिए खुशखबरी! नन्द बाबा दुग्ध मिशन की सौगात !
— DM Rampur (@RampurDm) June 24, 2026
मिनी नन्दिनी कृषक समृद्धि योजना के अन्तर्गत 10 स्वदेशी उन्नत नस्ल की गायों की इकाई स्थापना हेतु अधिकतम रू 11.80 लाख का अनुदान दो चरणों में प्राप्त करने का अवसर।
योजना के मुख्य बिन्दु-
> इकाई की स्थापना हेतु लाभार्थी अंश… pic.twitter.com/jY1dILn4R6
योजना के लिए जरूरी शर्तें
1. साहिवाल, गिर या थारपारकर जैसी अच्छी और ज्यादा दूध देने वाली देसी नस्ल की 10 गायें खरीदनी होंगी.
2. गायें दूसरे राज्यों से खरीदनी होंगी, जहां इन नस्लों की अच्छी ब्रीडिंग होती है.
3. गाय पहली या दूसरी ब्यात होनी चाहिए. उसने बछड़े को जन्म दिए डेढ़ महीने से ज्यादा समय न बीता हो.
4. डेयरी सेटअप के लिए कम से कम 0.20 एकड़ यानी करीब 8712 वर्ग फुट जमीन होनी चाहिए.
5. गायों को सालभर पेटभर हरा चारा मिले, इसके लिए एफिडेविट देना होगा कि आपने लोकल लेवल पर चारा उगाने वाले किसानों या सप्लायर्स से टाइअप या एग्रीमेंट कर लिया है.
कौन इस योजना का लाभ नहीं ले सकता
कामधेनु, मिनी कामधेनु या माइक्रो कामधेनु योजना लाभार्थी
पहले वाली नन्दिनी कृषक समृद्धि योजना लाभार्थी
मुख्यमंत्री स्वदेशी गौ संवर्धन योजना लाभार्थी
कब से कर सकते हैं आवेदन
आवेदन की शुरुआत- 22 जून 2026
आवेदन की आखिरी तारीख- 21 जुलाई 2026
आवेदन कैसे करें
अपने नजदीकी जनसेवा केंद्र (CSC) या इंटरनेट कैफे पर जाकर ऑफिशियल वेबसाइट nandbabadugdhmission.up.gov.in पर फॉर्म भर सकते हैं. अगर कोई दिक्कत आ रही है, तो जिले के मुख्य पशु चिकित्साधिकारी कार्यालय या उप दुग्धशाला विकास अधिकारी कार्यालय जाकर अधिकारियों से मिल सकते हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं