Transit Corridor Redevelopment Plan: दिल्ली के ये पांच मार्ग 24 घंटे गुलजार रहने के साथ नाइट लाइफ को बढ़ावा देंगे. दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू को शहर के ट्रांजिट कॉरिडोर (मुख्य सड़कों) को नए रूप में विकसित करने की एक विस्तृत योजना की जानकारी दी गई. इस योजना का उद्देश्य इन इलाकों को सुंदर, हरे-भरे और लोगों के लिए उपयोगी सार्वजनिक स्थानों में बदलना है. स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर (SPA) दिल्ली ने एक प्रस्तुति के जरिए बताया कि कैसे प्रमुख सड़क मार्गों को पैदल चलने लायक, हरियाली से भरपूर और व्यावसायिक गतिविधियों से जुड़े इलाकों में बदला जा सकता है. इन स्थानों को इस तरह विकसित करने की योजना है कि वे 24 घंटे सक्रिय रहें. यह योजना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शहरी विकास के विजन के अनुरूप है.
यह भी पढ़ें:- Amrit Bharat Station Yojana: दिल्ली के ये 13 स्टेशन होंगे हाईटेक सुविधाओं से लेस, अमृत भारत योजना के तहत होगा काम, देखें लिस्ट
ट्रांजिट कॉरिडोर पुनर्विकास योजना क्या है?
ट्रांजिट कॉरिडोर पुनर्विकास योजना (Transit Corridor Redevelopment Plan) शहरी बुनियादी ढांचे को आधुनिक बनाने, यातायात को सुगम बनाने और शहर के प्रमुख क्षेत्रों को हरा-भरा व पैदल यात्री अनुकूल बनाने की एक व्यापक योजना है. इस योजना का मुख्य उद्देश्य सड़कों पर भीड़भाड़ कम करना, ट्रैफिक को सिग्नल-फ्री बनाना और प्रदूषण में कमी लाना है. पुनर्विकसित कॉरिडोर को हरे-भरे, पैदल यात्री अनुकूल, 24x7 सक्रिय नाइटलाइफ़ क्षेत्र के रूप में विकसित किया जाता है. यह योजना मेट्रो, बस और अन्य सार्वजनिक परिवहन साधनों को एकीकृत करती है ताकि लोगों को आवाजाही में आसानी हो.
ट्रांजिट कॉरिडोर पुनर्विकास योजना के लिए दिल्ली के पांच कॉरिडोरों को चिह्नित किया गया है. योजना के तहत इन मागों को सार्वजनिक स्थलों के रूप में डिजाइन किया जाएगा. एलजी ने इसकी व्यवहार्यता जांचने और पीडब्ल्यूडी, निगम, डीडीए जैसी एजेंसियों के बीच समन्वय सुनिश्चित करने में सहयोग करने का आश्वासन दिया है. अधिकारियों के अनुसार, इस परियोजना से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, स्थानीय व्यापार मजबूत होगा और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे. इसके लिए दिल्ली की विभिन्न नगर एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल जरूरी होगा.
इन पांच मार्गों को किया चिह्नित
- कड़कड़डूमा से मिंटो रोड (आईटीओ होते हुए)
- मिंटो रोड से दिल्ली गेट (जेएलएन मार्ग वाला रास्ता)
- नेताजी सुभाष मार्ग से आईटी एस्टेट मेट्रो तक (यमुना के किनारे वाला सुंदर रास्ता)
- धौला कुला से तिलक नगर क्रॉसिंग (जेल रोड/करिअप्पा मार्ग के रास्ते)
- उत्तम नगर से राजौरी गार्डन (तिलक नगर होते हुए)
उपराज्यपाल ने इस योजना की संभावनाओं पर गौर करने का भरोसा दिया और कहा कि सभी विभाग मिलकर काम करें, तभी इसे सफल बनाया जा सकता है. इसके साथ ही किंग्सवे कैंप से माल रोड मार्ग को इस योजना में शामिल करने का सुझाव भी दिया है. इस पुनर्विकास योजना में कई महत्वपूर्ण पहलू शामिल किए गए हैं. इनमें जल निकासी प्रणाली के जरिए बाढ़ और गाद की समस्या को दूर करने का प्रावधान किया जाएगा. यहां रात में भी क्राफ्ट बाजार और वेंडर्स होंगे यानी देर रात तक खाने-पीने और घूमने का इंतजाम. इसके अलावा चौड़े और सुंदर फुटपाथ, साइकिल चलाने के लिए अलग ट्रैक और पार्किंग की व्यवस्था का भी ध्यान रखा जाएगा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं