- ट्रेन की पार्सल कोच अब लीच पर दिया जाएगा.
- 5 बड़े ट्रेनों में SLR कोच को लीज पर दिया जाएगा.
- व्यापारियों की बड़े शहरों तक होगी आसान पहुंच
उत्तर मध्य रेलवे (NCR) के प्रयागराज मंडल ने क्षेत्र के व्यापारियों और कारोबारियों को बड़ी सुविधा देने का फैसला किया है. इसके तहत प्रमुख ट्रेनों में पार्सल स्पेस (SLR कोच) को लीज पर देने का निर्णय लिया है. इस नई व्यवस्था के तहत शताब्दी और प्रयागराज-नई दिल्ली हमसफर एक्सप्रेस समेत पांच प्रमुख ट्रेनों में 3.9 टन क्षमता वाले एसएलआर (SLR) कोच पट्टे पर दिए जाएंगे, जिसके लिए आगामी 17 नवंबर को ई-नीलामी (E-auction) आयोजित की जाएगी.
रेलवे के इस पहल से उत्तर प्रदेश के कारोबारियों के लिए देश के बड़े व्यावसायिक केंद्रों तक सामान भेजना बेहद आसान हो जाएगा. वहीं कीमत भी कम चुकानी पड़ेगी. क्योंकि सड़क के रास्ते सामान भेजना ज्यादा रिस्की और महंगा होता है.
किन 5 प्रमुख ट्रेनों में मिलेगा पार्सल स्पेस?
रेलवे प्रशासन ने पांच ट्रेनों के SLR कोचों को लीज पर देने का प्रावधान किया गया है.
प्रयागराज-नई दिल्ली हमसफर एक्सप्रेस (सप्ताह में चार दिन)
कानपुर-नई दिल्ली शताब्दी एक्सप्रेस (सप्ताह में तीन दिन)
कानपुर-बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस (सप्ताह में एक दिन)
प्रयागराज-उधना एक्सप्रेस (सप्ताह में एक दिन)
कानपुर-दुर्ग बेतवा एक्सप्रेस (सप्ताह में दो दिन)
व्यापारियों की बड़े शहरों तक होगी आसान पहुंच
पार्सल कोच का लीज मिलने से व्यापारियों की पहुंच दिल्ली, मुंबई और सूरत तक आसान हो जाएगा. इस सेवा के शुरू होने से दिल्ली, मुंबई, सूरत और छत्तीसगढ़ जैसे बड़े व्यावसायिक हब तक माल भेजना कम समय और सुरक्षित हो जाएगा. रोड ट्रांसपोर्ट की तुलना में ट्रेन के जरिए माल ढुलाई की लागत काफी कम आती है और सामान तय समय पर सुरक्षित पहुंच जाता है. जबकि सड़क के रास्ते सामान के नष्ट होने का खतरा ज्यादा होता है.
मंडल के जनसंपर्क अधिकारी (PRO) अमित कुमार सिंह ने बताया कि इस प्रक्रिया के लिए रेलवे द्वारा आधिकारिक टेंडर जारी कर दिया गया है. 17 नवंबर को होने वाली ई-नीलामी के बाद व्यापारियों को पार्सल लीज की यह सुविधा मिलने लगेगी, जिससे स्थानीय व्यापार को एक नई रफ्तार मिलेगी.
यह भी पढ़ें | दिल्ली-वाराणसी और मुंबई-बेंगलुरु वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का कितना है किराया? 3AC के बराबर 1AC की कीमत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं