KYC Update Scam: अगर आपके फोन पर WhatsApp या SMS के जरिये कोई ऐसा मैसेज आता है, जिसमें लिखा हो कि 'आपका बैंक खाता 2 घंटे में ब्लॉक कर दिया जाएगा, तुरंत KYC अपडेट करें', तो परेशान नहीं होना है. RBI ने फर्जी KYC मैसेज पर को लेकर अलर्ट जारी किया है.इन दिनों ऐसे मैसेज तेजी से भेजे जा रहे हैं और कई लोग जल्दबाजी में इनका शिकार भी हो रहे हैं. ऐसे में RBI ने लोगों को ऐसे फर्जी KYC मैसेज से सावधान रहने की सलाह दी है. इसके साथ ही ये भी बताया है कि आपके पास अगर 2 घंटे में अकाउंट ब्लॉक होने का मैसेज आया तो क्या करना चाहिए जिससे आप अपनी अपनी गाढ़ी कमाई न गंवाएं
क्या है KYC फ्रॉड का नया पैंतरा?
असल में यह पूरी चाल आपको डराने की होती है. स्कैमर्स जानबूझकर ऐसी नकली इमरजेंसी पैदा करते हैं, ताकि आपको सोचने का मौका ही न मिले. जब कोई पढ़ता है कि 2 घंटे में अकाउंट बंद होने वाला है तो वह घबरा जाता है और बिना कुछ सोचे पैनिक होकर दिए गए लिंक पर क्लिक कर देता है. बस यही गलती स्कैमर्स चाहते हैं. उनका मकसद आपको जल्दबाजी में फैसला लेने के लिए मजबूर करना होता है.
लिंक पर क्लिक करते ही हो सकता है बड़ा नुकसान
फर्जी लिंक पर क्लिक करने के बाद आप किसी नकली वेबसाइट पर पहुंच सकते हैं, जहां आपसे KYC अपडेट करने के नाम पर बैंक डिटेल, OTP, PIN या पासवर्ड मांगा जा सकता है. जैसे ही ये जानकारी स्कैमर्स के हाथ लगती है, आपके बैंक खाते से पैसे गायब हो सकते हैं. इसलिए याद रखिए, स्कैमर्स जाल जरूर बिछाएंगे, लेकिन आपको उसमें फंसना नहीं है.
फर्जी KYC मैसेज का नया स्कैम, RBI ने बताए बचने के 3 तरीके
- RBI का पहला तरीका है 'रुकें'.... अगर कोई मैसेज आपको तुरंत कार्रवाई करने के लिए कह रहा है, तो वहीं रुक जाइए. फर्जी जल्दबाजी साइबर फ्रॉड का सबसे बड़ा संकेत होती है. कुछ मिनट रुककर सोचने से आप बड़ी ठगी से बच सकते हैं.
- RBI का दूसरा तरीका है 'सोचें'.... हमेशा याद रखें कि बैंक KYC अपडेट करने के लिए किसी लिंक पर क्लिक करने को नहीं कहते. अगर कोई मैसेज आपको लिंक भेजकर KYC अपडेट करने के लिए कह रहा है, तो उस पर भरोसा न करें. पहले बैंक की आधिकारिक वेबसाइट, मोबाइल ऐप या ब्रांच से जानकारी कंफर्म करें.
- RBI का तीसरा तरीका है 'सावधानी बरतें'.... किसी भी अनजान लिंक पर कभी क्लिक न करें. साथ ही अपना OTP, PIN और पासवर्ड किसी के साथ साझा न करें. यही जानकारी साइबर ठगों का सबसे बड़ा हथियार होती है. एक छोटी-सी लापरवाही आपके बैंक खाते को खाली कर सकती है.
अगर कोई मैसेज आपको डराकर तुरंत लिंक पर क्लिक करने के लिए कह रहा है, तो समझ जाइए कि मामला संदिग्ध हो सकता है. किसी भी लिंक पर क्लिक करने से पहले उसे अच्छी तरह से चेक जरूर करें.ये आपको बड़ी मुश्किल से बचा सकती है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं