देश को पोलियो मुक्त बनाए रखने के लिए सरकार एक बार फिर बड़ा कदम उठाने जा रही है. स्वास्थ्य विभाग की ओर से पल्स पोलियो अभियान 28 जून, 2026 से शुरू किया जाएगा. इस अभियान के तहत देश के अलग-अलग हिस्सों में विशेष अभियान चलाया जा रहा है. इसी कड़ी में जनपद रामपुर में 3.74 लाख से अधिक बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा गया है. यह अभियान खास तौर पर जन्म से लेकर 5 साल तक के सभी बच्चों के लिए चलाया जा रहा है, ताकि कोई भी बच्चा इस गंभीर बीमारी से प्रभावित न हो. पोलियो एक खतरनाक बीमारी है, जो बच्चों को जिंदगी भर के लिए अपंग बना सकती है, इसलिए समय पर इसकी दवा बहुत जरूरी है.
पल्स पोलियो अभियान
डीएम रामपुर जिला ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी है. उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा कि पोलियो-मुक्त समाज बनाने के मकसद से जिले में 28 जून से बड़े पैमाने पर पल्स पोलियो अभियान चलाया जाएगा. इस अभियान के तहत, जन्म से लेकर 5 साल तक की उम्र के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक दी जाएगी. स्वास्थ्य विभाग ने इस अभियान के लिए पूरी तैयारी कर ली है. अभियान के दौरान घर-घर जाकर स्वास्थ्य कर्मी बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगे. इसके अलावा अस्पतालों और बूथों पर भी दवा उपलब्ध रहेगी.
28 जून से चलेगा पल्स पोलियो अभियान, 3.74 लाख से अधिक बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक।
— DM Rampur (@RampurDm) June 25, 2026
पोलियो मुक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से जनपद में 28 जून से पल्स पोलियो अभियान का व्यापक स्तर पर संचालन किया जाएगा।
अभियान के अंतर्गत जन्म से लेकर 5 वर्ष तक आयु के सभी बच्चों को पोलियो… pic.twitter.com/rqrXihGSpX
डीएम ने लोगों से अभियान को सफल बनाने के लिए सहयोग की अपील की है. प्रशासन का कहना है कि हर बच्चे तक पोलियो की दवा पहुंचाना ही इस अभियान का उद्देश्य है. अगर, कोई बच्चा छूट जाता है, तो पोलियो का खतरा बना रह सकता है.
हेल्पलाइन नंबर जारी
इस अभियान के तहत हेल्पलाइन नंबर 104 भी जारी किया गया है, जहां लोग किसी भी जानकारी या सहायता के लिए संपर्क कर सकते हैं. स्वास्थ्य विभाग ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे 28 जून को अपने बच्चों को पोलियो की खुराक जरूर दिलाएं और इस अभियान को सफल बनाएं. सरकार का साफ संदेश है “एक भी बच्चा न छूटे, पोलियो से देश को पूरी तरह मुक्त करें”.
यह भी पढ़ें:- जुलाई में निकलेगा ATM से PF का पैसा, जानिए PF Withdrawal के नए नियम और प्रोसेस
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं