उत्तराखंड की पर्यटन नगरी नैनीताल घूमने जाने वाले लोगों के लिए अब सफर पहले से महंगा हो गया है. अब जिले के बाहर से आने वाले हर बाइक और स्कूटर से 100 रुपए एंट्री चार्ज लिया जाएगा. नई व्यवस्था लागू होते ही पर्यटकों, स्थानीय लोगों और वकीलों ने इसका विरोध शुरू कर दिया है. उनका कहना है कि पहले सिर्फ चारपहिया वाहनों से शुल्क लिया जाता था, लेकिन अब दोपहिया वाहनों को भी इसमें शामिल कर दिया गया है. इससे आम लोगों पर अतिरिक्त खर्च बढ़ेगा.
15 जुलाई की रात से लागू हुई नई व्यवस्था
नगर पालिका परिषद की चुंगियों का संचालन नए ठेकेदार को मिलने के बाद यह नियम लागू किया गया है. बुधवार 15 जुलाई 2026 की रात 12 बजे से नई व्यवस्था शुरू हो गई. गुरुवार सुबह से ही बाहरी जिलों और दूसरे राज्यों से आने वाले बाइक और स्कूटर चालकों से 100 रुपए वसूले जाने लगे. पहले ही दिन 100 से ज्यादा बाहरी दोपहिया वाहन चालकों से एंट्री चार्ज लिया गया. नगर पालिका की लेक ब्रिज चुंगी का टेंडर हाल ही में नोएडा की एक कंपनी को दिया गया है. टेंडर मिलते ही जून में जारी गजट नोटिफिकेशन की शर्तों को लागू कर दिया गया. रात 12 बजे तल्लीताल रिक्शा स्टैंड, फांसी गधेरा और बारापत्थर चुंगी नए ठेकेदार को हैंडओवर कर दी गई.
लोगों और वकीलों ने किया विरोध
दोपहिया वाहनों से शुल्क लेने के फैसले के खिलाफ स्थानीय लोगों और अधिवक्ताओं ने टोल टैक्स के सामने प्रदर्शन किया और जमकर नारेबाजी की. विरोध कर रहे लोगों का कहना है कि शहर की जनता और जिले के बाहर किसी जरूरी काम से आने वाले लोगों का शोषण किया जा रहा है. उन्होंने शहर के सभी संगठनों से इस फैसले के खिलाफ एकजुट होने की अपील की है. प्रदर्शन कर रहे लोगों ने चेतावनी दी कि अगर बाइक और स्कूटर से शुल्क लेना बंद नहीं किया गया, तो नगरवासी सड़कों पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेंगे.
मार्च 2028 तक रहेगा कॉन्ट्रैक्ट, लोकल वाहनों को छूट
अनुबंध के मुताबिक नया ठेकेदार बुधवार रात 12 बजे से अपना काम शुरू कर चुका है. यह व्यवस्था मार्च 2028 तक लागू रहेगी. नई व्यवस्था के तहत बाहरी जिलों और दूसरे राज्यों से आने वाले सभी दोपहिया वाहनों से 100 रुपए लिए जाएंगे. वहीं, नैनीताल जिले के यूके-04 नंबर वाले दोपहिया वाहनों से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा. टोल कर्मियों को नंबर प्लेट देखकर ऐसे वाहनों को बिना शुल्क आगे भेजने के निर्देश दिए गए हैं. लोकल निजी और कमर्शियल चारपहिया वाहनों के लिए 200 रुपए शुल्क तय किया गया है. जबकि बाहरी और बड़े वाहनों के लिए चुंगी दर 300 रुपए रखी गई है.
मंत्री ने जांच और रोक लगाने की कही बात
शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में है. उन्होंने बताया कि नगर पालिका नैनीताल के ईओ से बात कर दोपहिया वाहनों से टोल वसूली पर रोक लगाने को कहा गया है. उन्होंने यह भी कहा कि पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और उसके बाद आगे का फैसला लिया जाएगा.
ये भी पढ़ें: RBI Plastic Notes: 10 और 20 रुपये के प्लास्टिक नोट आने वाले हैं, RBI ने जारी किया टेंडर!
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं