अगर आप अपने मोबाइल में mAadhaar ऐप इस्तेमाल करते हैं, तो आपके लिए जरूरी खबर है. बता दें कि आज यानी 30 जून से इस ऐप को रिटायर किया जा रहा है. यानी अब इसमें नए अपडेट नहीं आएंगे और धीरे-धीरे इसकी सभी सेवाएं भी बंद कर दी जाएंगी. इसे लेकर UIDAI ने अपने ऑफिशियल सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर जानकारी शेयर की है. अपनी इस पोस्ट में UIDAI ने लोगों को नया Aadhaar App डाउनलोड करने और उसी का इस्तेमाल करने की सलाह दी है.
क्यों लाया गया नया Aadhaar App?
UIDAI का कहना है कि नया Aadhaar App पहले से ज्यादा सुरक्षित, तेज और इस्तेमाल करने में आसान है. इस ऐप में आपकी प्राइवेसी का खास ध्यान रखा गया है. पहले जब भी कहीं आधार से पहचान साबित करनी होती थी, तब कई बार पूरा आधार कार्ड दिखाना या उसकी कॉपी देनी पड़ती थी. लेकिन अब ऐसा नहीं होगा. नए ऐप में आप सिर्फ वही जानकारी शेयर करेंगे, जिसकी जरूरत होगी. जैसे अगर किसी जगह सिर्फ आपकी उम्र या नाम चाहिए, तो केवल वही जानकारी शेयर की जा सकेगी. इससे आपकी बाकी निजी जानकारी सुरक्षित रहेगी और उसका गलत इस्तेमाल होने का खतरा भी कम होगा.
नया Aadhaar App कैसे डाउनलोड करें?नया Aadhaar App एंड्रॉयड और iPhone दोनों के लिए उपलब्ध है. इसे Google Play Store या Apple App Store से डाउनलोड किया जा सकता है.
- ऐप डाउनलोड करने के बाद सबसे पहले अपनी पसंद की भाषा चुनें.
- इसके बाद आधार से लिंक अपना मोबाइल नंबर दर्ज करें.
- आपके नंबर पर एक OTP आएगा, जिसे डालकर मोबाइल नंबर को वेरिफाई करना होगा.
- इसके बाद Face Authentication करना होगा. यानी कैमरे की मदद से आपका चेहरा स्कैन किया जाएगा.
- इसके बाद ऐप के लिए 6 अंकों का सिक्योरिटी PIN बनाएं. आप फिंगरप्रिंट या फेस से ऐप खोलने का ऑप्शन भी चालू कर सकते हैं.
- आखिर में आधार की जानकारी दर्ज करें और एक बार फिर OTP से वेरिफिकेशन पूरा करें.
- इसके बाद आपका Aadhaar App इस्तेमाल के लिए तैयार हो जाएगा.
नए Aadhaar App में क्या-क्या मिलेगा?mAadhaar App is retiring tomorrow. Download Aadhaar App today for smarter, smoother & simpler experience!
— Aadhaar (@UIDAI) June 29, 2026
Download now - https://t.co/X1ymzxksIZ #mAadhaarApp #AadhaarApp #UIDAI #AadhaarServices pic.twitter.com/e3IfhoLDqB
- नए ऐप में कई नए फीचर दिए गए हैं. सबसे बड़ा फायदा यह है कि अब आपको हर जगह पूरा आधार कार्ड दिखाने की जरूरत नहीं पड़ेगी. आप जरूरत के हिसाब से सिर्फ नाम, पता, उम्र या फोटो जैसी जानकारी ही शेयर कर सकेंगे.
- इस ऐप में QR Code के जरिए भी आधार वेरिफिकेशन किया जा सकेगा. यानी होटल में चेक-इन, अस्पताल में रजिस्ट्रेशन, उम्र की पुष्टि या किसी दूसरी पहचान की जरूरत होने पर फिजिकल आधार कार्ड या उसकी फोटोकॉपी देने की जरूरत नहीं पड़ेगी.
- सुरक्षा बढ़ाने के लिए ऐप में Face Authentication की सुविधा भी दी गई है. इसके अलावा आप अपने आधार के फिंगरप्रिंट और फेस बायोमेट्रिक को मोबाइल से ही कभी भी लॉक या अनलॉक कर सकते हैं.
इस ऐप में एक और काम का फीचर दिया गया है. इसकी मदद से आप देख सकेंगे कि आपके आधार का इस्तेमाल कब और कहां हुआ. अगर कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई देती है, तो आप समय रहते कार्रवाई कर सकते हैं.
एक मोबाइल में 5 आधार प्रोफाइल जोड़ने की सुविधानए Aadhaar App में एक ही मोबाइल पर अधिकतम पांच आधार प्रोफाइल जोड़ी जा सकती हैं. यह सुविधा उन परिवारों के लिए काफी फायदेमंद होगी, जो बच्चों या बुजुर्गों का आधार भी मैनेज करते हैं. इसके अलावा ऐप से मोबाइल नंबर और पता जैसी कुछ जानकारी भी अपडेट की जा सकेगी. आने वाले समय में इसमें और नई सुविधाएं भी जोड़ी जा सकती हैं. इसलिए अगर आप अभी भी mAadhaar ऐप इस्तेमाल कर रहे हैं, तो जल्द से जल्द नए Aadhaar App पर शिफ्ट हो जाना बेहतर रहेगा.
यह भी पढ़ें- Aarogya Setu 2.0 हुआ लॉन्च, अब एक ही ऐप में मिलेंगी कई हेल्थ सुविधाएं, जानिए आपके किस काम आएगा नया App
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं