Jammu Srinagar Vande Bharat Express: उत्तरी रेलवे के जम्मू डिवीजन के लिए यह एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है. नई बनी उधमपुर‑श्रीनगर‑बारामूला रेल लाइन (USBRL) पर चल रही जम्मू‑श्रीनगर वंदे भारत एक्सप्रेस ने शुरू होते ही शानदार रिकॉर्ड बना लिया है. बीते शनिवार और रविवार को करीब 11,000 यात्रियों ने इस आधुनिक ट्रेन से सफर किया. यात्रियों का उत्साह इस बात से साफ है कि ट्रेन की ऑक्यूपेंसी 96% तक पहुंच गई है. 2 मई, 2026 से नियमित सेवा शुरू होने के बाद अब तक करीब 40,000 यात्री वंदे भारत ट्रेन से यात्रा कर चुके हैं और इसकी आधुनिक सुविधाओं का लाभ ले चुके हैं. पिछले 9 दिनों के आंकड़ों के मुताबिक, ट्रेन की औसत ऑक्यूपेंसी 86.5% रही है.
जम्मू-श्रीनगर वंदे भारत एक्सप्रेस ने बनाया नया रिकॉर्ड
यह ट्रेन जम्मू‑कश्मीर में रेल कनेक्टिविटी को नई मजबूती देने के साथ‑साथ यात्रियों के बीच तेजी से पसंदीदा बनती जा रही है. वंदे भारत ट्रेन जम्मू से श्रीनगर के बीच करीब 267 किलोमीटर की दूरी को सिर्फ 4 घंटे 50 मिनट में तय करती है. यह सड़क यात्रा के मुकाबले न सिर्फ समय बचाती है, बल्कि यात्रियों को विश्व‑स्तरीय सफर का अनुभव भी देती है.
जम्मू तवी-श्रीनगर वंदे भारत रूट और टाइमिंग
जम्मू तवी-श्रीनगर वंदे भारत ट्रेन 266 किलोमीटर के रूट पर हफ्ते में छह दिन दो जोड़ी ट्रेनों के साथ चलेगी. अब यात्रियों को दोनों दिशाओं से सुबह और दोपहर, दोनों समय में सफर करने का विकल्प मिलेगा.
यह भी पढ़ें:- बाड़मेर-हरिद्वार रूट पर सीधी 'समर स्पेशल ट्रेन' इस हफ्ते होगी शुरू, जानिए रूट, टाइम और पूरा शेड्यूल
- ट्रेन 26401- जम्मू तवी (सुबह 6:20) - श्रीनगर (11:10), मंगलवार को छोड़कर
- ट्रेन 26402- श्रीनगर (दोपहर 2:00) - जम्मू तवी (शाम 6:50)
- ट्रेन 26404- श्रीनगर (सुबह 8:00) - जम्मू तवी (12:40), बुधवार को छोड़कर
- ट्रेन 26403- जम्मू तवी (दोपहर 1:20) - श्रीनगर (शाम 6:00)
अपने सफर के दौरान यह ट्रेन दो बड़े इंजीनियरिंग चमत्कारों से होकर गुजरती है. दुनिया का सबसे ऊंचा रेलवे पुल ‘चिनाब ब्रिज' और ‘अंजी खड्ड ब्रिज', इन्हें देखना यात्रियों के लिए एक खास आकर्षण बन गया है, जिससे पर्यटक और स्थानीय यात्री दोनों ही काफी उत्साहित हैं.
ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों ने इसकी आधुनिक सुरक्षा व्यवस्था, आरामदायक यात्रा और शानदार सुविधाओं की खूब तारीफ की है. आने वाले पर्यटन सीजन में हमें ट्रेन के 100% भरने की उम्मीद है. हम यात्रियों को सिर्फ समय की बचत नहीं, बल्कि हिमालय की वादियों के बीच लग्जरी सफर का भरोसा भी देते हैं. जम्मू डिवीजन यात्रियों की सेवा और सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं