विज्ञापन

बाजरे की रोटी बनेगी बिल्कुल रुई जैसी नरम और फूली-फूली, इस तरीके से आसानी से बनाएं Bajara Fulka Roti

बाजरे की रोटी बनाते अगर वो टूट जाती है, तो कुछ आसान से टिप्स को अपनाकर परफेक्ट रोटी तैयार कर सकते हैं. यहां जानते हैं बाजरे की रोटी बनाने के लिए कुछ ट्रिक्स-

बाजरे की रोटी बनेगी बिल्कुल रुई जैसी नरम और फूली-फूली, इस तरीके से आसानी से बनाएं Bajara Fulka Roti
Bajra Roti Recipe : बाजरा की रोटी बनाने की रेसिपी

Soft Bajra Roti Tips : सर्दियों के मौसम में बाजरे की रोटी खाना शरीर के लिए बहुत ही हेल्दी माना जाता है, लेकिन अक्सर लोग इस बात की शिकायत करते नजर आते हैं कि उनसे बाजरे की रोटी आसानी से नहीं बनती है. जब वो रोटी घर पर बनाते हैं, तो टूट जाती है या सख्त बन जाती है. अगर आपके साथ भी ऐसा होता है, तो अब चिंता बिल्कुल भी न करें. हम आपको बाजरे की रोटी बनाने का एक ऐसा आसान सा तरीका बताएंगे, जिससे आपकी रोटी न टूटेगी और न ही सख्त होगी.

इस रेसिपी को यूट्यूब चैनल Viraj Naik Recipes ने शेयर किया है. इस तरीके अगर आप रोटी बनाते हैं, तो रोटी बिल्कुल रुई जैसी नरम और फूली-फूली बन सकती है. अच्छी बात ये है कि इसमें किसी विशेष सामान की जरूरत नहीं पड़ती, बल्कि सही माप और आटा गूंथने की टेक्नीक को ध्यान में रखकर बाजरे की रोटी तैयार कर सकते हैं. 

बाजरे की रोटी बनाने की रेसिपी वीडियो में देखें...

बाजरे की रोटी के लिए सही माप है जरूरी

इस रेसिपी में सबसे पहले एक बड़े बर्तन में 1 कप पानी लिया जाता है. इसमें आधा टीस्पून नमक और थोड़ा सा घी मिलाया जाता है. घी डालना पूरी तरह ऑप्शनल है. पानी को इतना गर्म करना है कि उसमें हल्के बुलबुले आने लगें. इसके बाद गैस बंद कर दें.

अब छानकर 2 कप बाजरे का आटा गर्म पानी में डालें. यहां सबसे जरूरी बात है कि पानी और आटे का अनुपात 1:2 रखा जाए. गैस बंद रहने पर ही आटे को अच्छी तरह मिला लें और बर्तन को ढककर 5 मिनट के लिए छोड़ दें.

आटा गूंथने के प्रोसेस को न करें इग्नोर

जब मिश्रण थोड़ा ठंडा हो जाए, तो इसे अच्छी तरह मिलाते हुए आटा तैयार करें. अगर आटा ज्यादा सूखा लगे, तो थोड़ा और पानी मिला सकते हैं. वहीं, जरूरत पड़े तो थोड़ा और आटा भी जोड़ा जा सकता है. रोटी को नरम बनाने का सबसे जरूरी स्टेप आटा गूंथना है. आटे को कम से कम 5 से 7 मिनट तक अच्छी तरह मसलना चाहिए. इससे आटा स्मूद और मुलायम बनता है, जो बाद में रोटी को भी नरम बनाए रखने में मदद करता है.

बेलते समय रखें इन बातों का ध्यान

गूंथे हुए आटे की नींबू के आकार की लोई बनाएं और बाजरे के सूखे आटे की मदद से हल्के हाथों से बेलें. बेलते समय ज्यादा दबाव नहीं देना है. अगर कहीं चिपकने लगे, तो थोड़ा सूखा आटा लगा सकते हैं. रोटी को पतला बेलने की कोशिश करें. तवे पर डालने से पहले अतिरिक्त सूखा आटा झाड़ दें, क्योंकि ज्यादा सूखा आटा रोटी को सख्त बना सकता है.

इस तरह सेंके बाजरे की रोटी

गर्म तवे पर रोटी रखें और ऊपर की ओर थोड़ा पानी लगा दें. मीडियम आंच पर रोटी को पकाएं. फिर पलटकर दूसरी ओर से सेकें. दोबारा पलटने के बाद कपड़े की मदद से हल्के-हल्के दबाएं. ऐसा करने पर रोटी फुलके की तरह फूलने लगती है. इस तरीके से तैयार की गई बाजरे की रोटी न सिर्फ अच्छी तरह फूलती है, बल्कि लंबे समय तक नरम भी बनी रहती है.

ये भी पढ़ें - गेहूं का आटा कितने महीने तक खराब नहीं होता है? जानें स्टोर करने का सही तरीका

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bajra Roti, Bajra Roti Recipe, Bajra Roti Recipe Tips, Bajra Roti Benefits, Bajra Roti Benefits Hindi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com