ट्रेन टिकट बुक करते समय एक छोटी सी गलती भी बाद में बड़ी परेशानी बन सकती है. इन दिनों सोशल मीडिया पर एक वीडियो काफी चर्चा में है, जिसमें दावा किया गया कि एक यात्री ने टिकट बुक करते समय अपनी उम्र गलत भर दी थी और जांच के दौरान उसे भारी जुर्माना देना पड़ा. ऐसे में कई लोगों के मन में सवाल उठ रहा है कि अगर ऑनलाइन टिकट बुक करते समय नाम, उम्र या दूसरी जानकारी गलत भर जाए तो क्या उसे बाद में ठीक किया जा सकता है. अगर आप भी IRCTC से टिकट बुक करते हैं, तो ये जानकारी आपके बहुत काम की हो सकती है.
ऑनलाइन टिकट में सुधार का क्या है नियम
IRCTC की वेबसाइट और RailOne ऐप पर टिकट बुक होने के बाद ज्यादातर जानकारी ऑनलाइन बदलने का विकल्प नहीं मिलता है. अगर टिकट में कोई बड़ी गलती हो गई है और आप उसे ऑनलाइन ठीक करना चाहते हैं, तो ऐसा संभव नहीं है. ऐसी स्थिति में टिकट रद्द करके नया टिकट बुक करना एक विकल्प हो सकता है. हालांकि कुछ मामलों में रेलवे रिजर्वेशन सेंटर जाकर बदलाव कराने की सुविधा देता है.
क्या बदला जा सकता है बोर्डिंग स्टेशन
ऑनलाइन बुक किए गए टिकट में बोर्डिंग स्टेशन बदलने की सुविधा मिलती है. इसके लिए यात्री IRCTC की वेबसाइट या RailOne ऐप में जाकर अपनी बुकिंग हिस्ट्री खोल सकते हैं. वहां से यात्रा शुरू करने वाले स्टेशन को बदलने का विकल्प मिलता है. यानी अगर आपने चढ़ने वाला स्टेशन गलत चुन लिया है, तो उसे ठीक किया जा सकता है.
जर्नी डेट बदलने का ऑप्शन नहीं
अगर टिकट बुक होने के बाद आपकी यात्रा की तारीख बदल गई है, तो सीधे टिकट में जर्नी डेट नहीं बदली जा सकती. ऐसी स्थिति में आपको पुराना टिकट रद्द करना होगा और नई तारीख के लिए नया टिकट बुक करना होगा. रेलवे के नियम इस मामले में कोई सीधा ऑनलाइन बदलाव करने की अनुमति नहीं देते हैं.
नाम और दूसरी जानकारी कैसे बदलें
अगर टिकट में यात्री का नाम या दूसरी जरूरी जानकारी बदलनी हो, तो इसके लिए रेलवे रिजर्वेशन काउंटर जाना होगा. वहां टिकट की कॉपी, पहचान पत्र और जरूरी दस्तावेज दिखाने होंगे. ध्यान रखने वाली बात ये है कि ऐसे बदलाव ट्रेन रवाना होने से कम से कम 24 घंटे पहले ही कराए जा सकते हैं. इसके बाद टिकट में किसी तरह का बदलाव संभव नहीं होता.
यह भी पढ़ें- Tatkaal Passport Scheme: जल्दी चाहिए Passport? तत्काल स्कीम में ऐसे करें आवेदन, जानें फीस, रूल्स और पूरा प्रोसेस
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं