IRCTC New Website Launch Date: भारतीय रेलवे (Indian Railways) लाखों यात्रियों की लाइफलाइन है. लिहाजा, यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे भी लगातार खुद को नई तकनीक से लैस कर सेवा को बेहतर बनाने की दिशा में काम कर रहा है. अब इसे डिजिटल युग के मुताबिक और ज्यादा सशक्त बनाया जा रहा है. इसी कड़ी में यात्रियों की सुविधा और टिकट बुकिंग प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए IRCTC की नई वेबसाइट का बीटा वर्जन 15 जुलाई को लाइव होने वाला है. यह नया पोर्टल न केवल तेजी से टिकट बुक करने में मदद करेगा, बल्कि इसके आने के साथ कई जटिल प्रक्रिया पुराने जमाने की बात हो जाएगी.
दरअसल, IRCTC ने यात्रियों को टिकट बुकिंग के दौरान होने वाली परेशानी से बचाने के लिए अपनी नई और सुपरफास्ट वेबसाइट का बीटा (Beta) वर्जन में कई अहम बदलाव किए हैं, जो न सिर्फ यात्रियों को टिकट बुकिंग के दौरान होने वाली परेशानियों से बचाएगा, बल्कि टिकट बुकिंग को भी सुपरफास्ट बना देगा. IRCTC ने अपनी वेबसाइट में जो बदलाव किए हैं. वो आपकी अगली यात्रा को और आसान बना देंगे.
सिंगल स्क्रीन पर उपलब्ध होंगे सभी श्रेणियों के टिकट
अब आपको स्लीपर (SL), थर्ड एसी (3A), या सेकंड एसी (2A) की उपलब्धता (Availability) चेक करने के लिए बार बार अलग-अलग टैब नहीं बदलने होंगे. दरअसल, IRCTC की नई वेबसाइट पर एक ही स्क्रीन पर ट्रेन की सभी श्रेणियों में खाली सीटों की जानकारी एक साथ दिखाई देगी, जिससे आपको सही चुनाव करने में आसानी होगी.
कैप्चा और विज्ञापन मुक्त सुविधा
टिकट बुकिंग के दौरान आने वाले परेशान करने वाले विज्ञापनों और फ्लैशिंग ग्राफिक्स को नई वेबसाइट से हटा दिया गया है. इसके साथ ही, बार बार आने वाले जटिल विजुअल कैप्चा (CAPTCHA) की समस्या को भी कम किया गया है. इससे तत्काल बुकिंग के दौरान जो कीमती सेकंड बर्बाद होते थे, अब वे बचेंगे, जिससे यात्रियों को तत्काल टिकट हासिल करने में आसानी होगी.
दमदार सर्वर से होगी सुपरफास्ट बुकिंग
नई वेबसाइट के सर्वर की क्षमता को पहले के मुकाबले कई गुना बढ़ा दिया गया है. पहले IRCTC वेबसाइट की क्षमता लगभग 32,000 टिकट प्रति मिनट थी, जिसे अब अपग्रेड करके 1.5 लाख टिकट प्रति मिनट तक किया जा रहा है. पहले त्योहारों या भारी ट्रैफिक के दौरान वेबसाइट क्रैश हो जाती थी, लेकिन इस सर्वर के आ जाने से यह समस्या अब इतिहास बन जाएगी.
सेव्ड पैसेंजर डिटेल्स
बार बार अपनी व्यक्तिगत जानकारी भरने की झंझट से मुक्ति मिलेगी. नई वेबसाइट पर यात्री अपनी जानकारी को सुरक्षित तरीके से सेव कर सकेंगे. अगली बार जब आप टिकट बुक करेंगे, तो सिस्टम की ओर से पहले से सेव की गई जानकारी का उपयोग करके केवल कुछ ही क्लिक में प्रक्रिया पूरी हो जाएगी.
तत्काल टिकटों में पारदर्शिता
तत्काल टिकट बुकिंग में आम यात्रियों को अक्सर बॉट्स (Bots) के कारण टिकट नहीं मिल पाता था. IRCTC ने अवैध ऑटोमेटिक सॉफ्टवेयर को रोकने के लिए सख्त सुरक्षा उपाय किए हैं. इसके सात ही साथ ही, बुकिंग प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने और सुरक्षा बढ़ाने के लिए आधारआधारित (Aadhaarbased) OTP वेरिफिकेशन को अनिवार्य किया जा रहा है, ताकि दलालों के जाल को तोड़ने के साथ ही असली यात्रियों को कंफर्म टिकट उपलब्ध कराया जा सके.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं