Instagram Down: दुनिया के सबसे लोकप्रिय सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स में से एक Instagram अचानक तकनीकी समस्या के कारण कई जगहों पर काम नहीं कर रहा है. भारत समेत कई देशों के यूजर्स ने शिकायत की है कि उन्हें ऐप खोलने, मैसेज भेजने और फीड देखने में परेशानी हो रही है. इसके चलते सोशल मीडिया पर भी Instagram Down ट्रेंड करने लगा है.
यह भी पढ़ें- यात्रिगण कृपया ध्यान दें! अब बिना QR टिकट के प्लेटफॉर्म पर नहीं जा पाएंगे आप, यहां जानिए कैसे करना होगा बुक
सुबह शुरू हुई दिक्कत
रिपोर्ट्स के अनुसार, यह समस्या भारतीय समय के मुताबिक सुबह करीब 7:40 बजे के आसपास शुरू हुई. करीब 9 बजे के बाद शिकायतों की संख्या तेजी से बढ़ गई, जिसके बाद आउटेज ट्रैक करने वाली वेबसाइट Downdetector पर हजारों यूजर्स ने इंस्टाग्राम से जुड़ी समस्याओं की रिपोर्ट दर्ज कराई.
Downdetector के आंकड़ों के मुताबिक, यूजर्स को अलग-अलग तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. लगभग 71% लोगों ने बताया कि उन्हें ऐप एक्सेस करने में परेशानी हो रही है. वहीं, करीब 20% यूजर्स को सर्वर कनेक्शन फेल होने की समस्या आई. इसके अलावा कुछ यूजर्स ने शिकायत की कि उनका इंस्टाग्राम फीड या टाइमलाइन लोड नहीं हो रहा है.
सबसे ज्यादा शिकायत Instagram के डायरेक्ट मैसेज यानी DM फीचर को लेकर आई है. कई यूजर्स का कहना है कि वे अपने दोस्तों को मैसेज नहीं भेज पा रहे हैं या मैसेज बहुत देर से दिखाई दे रहे हैं. कुछ लोगों ने यह भी बताया कि वे किसी बातचीत के बीच में थे और अचानक मैसेज भेजना बंद हो गया.
इस आउटेज का असर सिर्फ भारत तक सीमित नहीं रहा. अमेरिका के कई शहरों जैसे लॉस एंजेलिस, न्यूयॉर्क, शिकागो और वॉशिंगटन में भी यूजर्स ने इसी तरह की समस्याओं की शिकायत की. इसी बीच सोशल मीडिया पर कुछ लोग इस समस्या को अमेरिका-ईरान तनाव से जोड़कर भी देख रहे हैं. हालांकि, अभी तक इन दावों की कोई पुष्टि नहीं हुई है और इसे केवल अफवाह माना जा रहा है.
फिलहाल Meta या Instagram की तरफ से इस आउटेज को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. ऐसे में यूजर्स को थोड़ी देर इंतजार करने की सलाह दी जा रही है, क्योंकि आमतौर पर इस तरह की तकनीकी समस्याएं कुछ समय बाद ठीक हो जाती हैं.
अगर आपके इंस्टाग्राम पर भी मैसेज या फीड सही से काम नहीं कर रहे हैं तो घबराने की जरूरत नहीं है. हो सकता है कि यह सर्वर से जुड़ी अस्थायी समस्या हो, जो जल्द ही ठीक कर दी जाएगी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं