Indian Railway Cancelled Trains : अगर आप जून में ट्रेन से कहीं घूमने, घर जाने या छुट्टियों में ट्रैवल की प्लानिंग कर रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी हो सकती है. भारतीय रेलवे ने जून 2026 में बड़ी संख्या में ट्रेनों को कैंसिल करने का फैसला लिया है, जिससे हजारों यात्रियों की परेशानी बढ़ सकती है. कई लोग बिना स्टेटस चेक किए सीधे स्टेशन पहुंच जाते हैं और वहां जाकर पता चलता है कि ट्रेन रद्द हो चुकी है या उसका रूट बदल दिया गया है. इस बार रेलवे ने 77 ट्रेनों को कैंसिल करने के साथ कई दूसरी ट्रेनों के रूट और टाइमिंग में भी बदलाव किया है. ऐसे में सफर पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन का स्टेटस जरूर चेक कर लेना बेहतर होगा.
यह भी पढ़ें: टोल प्लाजा पर नहीं चल रहा FASTag? NHAI ने बताया कब कर लेना चाहिए रिप्लेस
आखिर क्यों कैंसिल हुईं इतनी ट्रेनें?
रेलवे के मुताबिक, बिलासपुर रेल मंडल के चांपा स्टेशन पर चौथी रेल लाइन से जुड़ा काम चल रहा है. इसी वजह से कई ट्रेनों को कुछ समय के लिए रद्द कर दिया गया है, जबकि कुछ ट्रेनों का रूट बदल दिया गया है. इस बदलाव का असर पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र, गुजरात, मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों के यात्रियों पर पड़ सकता है.
कितनी ट्रेनें हुईं प्रभावित?
रेलवे के मुताबिक, जून में कुल 77 ट्रेनों को कैंसिल किया गया है. इनमें 65 एक्सप्रेस और 12 पैसेंजर ट्रेनें शामिल हैं. इसके अलावा कई दूसरी ट्रेनों पर भी असर पड़ा है. करीब 8 ट्रेनों के रूट बदले गए हैं, जबकि 6 ट्रेनों को अपने तय स्टेशन से पहले ही समाप्त किया जाएगा. कुछ ट्रेनों की टाइमिंग में भी बदलाव किया गया है, जिसकी वजह से यात्रियों को सफर के दौरान अतिरिक्त समय लग सकता है.

जून में प्रभावित होने वाली ट्रेनों में कई लंबी दूरी की एक्सप्रेस ट्रेनें भी शामिल हैं. इनमें टाटानगर-बिलासपुर एक्सप्रेस, साउथ बिहार एक्सप्रेस, अहमदाबाद-हावड़ा एक्सप्रेस, हावड़ा-सीएसएमटी एक्सप्रेस, हटिया-पुणे एक्सप्रेस और पुरी-जोधपुर एक्सप्रेस जैसी ट्रेनें शामिल हैं. इसके अलावा ओखा-शालीमार एक्सप्रेस, कामाख्या-एलटीटी एक्सप्रेस, गया-एलटीटी एक्सप्रेस और उदयपुर-शालीमार एक्सप्रेस जैसी कई ट्रेनें भी जून में अलग-अलग तारीखों पर कैंसिल रहेंगी.
किन ट्रेनों के बदले गए रूट?
रेलवे ने कई दुरंतो और लंबी दूरी की ट्रेनों को दूसरे रूट से चलाने का फैसला लिया है. इनमें हावड़ा-पुणे दुरंतो एक्सप्रेस, सीएसएमटी-हावड़ा दुरंतो एक्सप्रेस और ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस जैसी ट्रेनें शामिल हैं. ये ट्रेनें रायपुर, टिटलागढ़ और झारसुगुड़ा होकर चलाई जाएंगी.
अगर आपकी जून में ट्रेन से यात्रा है, तो स्टेशन जाने से पहले रेलवे ऐप, NTES या IRCTC प्लेटफॉर्म पर अपनी ट्रेन का लाइव स्टेटस जरूर चेक करें. कई बार ट्रेन कैंसिल होने या रूट बदलने की जानकारी आखिरी समय में अपडेट होती है. ऐसे में पहले से जानकारी होने पर आप अपनी ट्रैवल प्लानिंग बदल सकते हैं और बेवजह की परेशानी से बच सकते हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं