हरियाणा के जींद-सोनीपत रूट पर अब देश की पहली हाइड्रोजन फ्यूल सेल ट्रेन शुरू होने जा रही है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाइड्रोन ट्रेन को हरी झंडी भी दिखा दी है. ट्रेन का पूरा शेड्यूल भी सामने आ गया है. यह ट्रेन रोजाना दोनों शहरों के बीच यात्रियों को पर्यावरण के अनुकूल और तेज सफर मुहैया कराएगी. हाइड्रोजन फ्यूल सेल ट्रेन जींद से सुबह 07:40 बजे चलेगी. जींद से सोनीपत पहुंचने में ट्रेन को 2 घंटे का समय लगेगा. वहीं, सोनीपत से यह ट्रेन सुबह 10:40 बजे चलेगी. ये दोनों ट्रेनें हफ्ते के 7 दिन चलेंगी, जिससे रोजाना आने-जाने वाले यात्रियों और छात्रों को बड़ी सुविधा होगी.
ट्रेन का शेड्यूल
- ट्रेन संख्या 74010 - जींद से सोनीपत
- ट्रेन प्रतिदिन सुबह जींद से चलेगी
- जींद से प्रस्थान: सुबह 07:40 बजे
- सोनीपत आगमन: सुबह 09:40 बजे
- जींद से सोनीपत पहुंचने में ट्रेन को 2 घंटे का समय लगेगा.
ट्रेन संख्या 74009 - सोनीपत से जींद
- वापसी में यह ट्रेन सोनीपत से जींद के लिए रवाना होगी.
- सोनीपत से प्रस्थान: सुबह 10:40 बजे
- जींद आगमन: दोपहर 01:00 बजे
हाइड्रोजन ट्रेन हफ्ते में सातों दिन चलेगी, जिससे रोजाना आने-जाने वाले यात्रियों और छात्रों को बड़ी सुविधा होगी. डीजल की जगह हाइड्रोजन फ्यूल सेल से चलने वाली ये ट्रेन बिल्कुल भी प्रदूषण नहीं करती है. इससे कार्बन उत्सर्जन कम होगा और हरियाणा को ग्रीन ट्रांसपोर्ट की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है.

Photo Credit: Photo: Ministry of Railways
कैसे काम करता है हाइड्रोजन ट्रेन का इंजन?
हाइड्रोजन ट्रेन पुरानी ईंधन जैसे डीजल और बिजली से चलने वाली ट्रेनों से काफी अलग है. इसका ऊर्जा हासिल करने का तरीका एकदम डिफरेंट है. हाइड्रोजन ट्रेन अपने साथ एक छोटा पावर प्लांट लेकर चलती है, जो प्रोटॉन एक्सचेंज मेम्ब्रेन (पीईएम) फ्यूल सेल के रूप में होता है. ट्रेन के सिलेंडरों में संग्रहित हाइड्रोजन फ्यूल सेल के भीतर आसपास की हवा से मिलने वाली ऑक्सीजन के साथ रिएक्शन करती है. इस रिएक्शन से बिजली बनती है, जो ट्रैक्शन मोटरों को चलाकर ट्रेन के पहियों को रफ्तार देती है. इस विद्युत-रासायनिक प्रतिक्रिया के प्रत्यक्ष उप-उत्पाद केवल जलवाष्प और ऊष्मा होते हैं. इसमें न तो ईंधन जलाया जाता है, न धुआं निकलता है और न ही कार्बन उत्सर्जन होता है.
ये भी पढ़ें:- Exclusive: 'ट्रेन ही नहीं बड़े ट्रक और शिप भी हाइड्रोजन से चलेंगे', अश्विनी वैष्णव ने बताया आगे का प्लान
देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन कहां-कहां रुकेगी
उत्तर रेलवे के जींद-सोनीपत रेलखंड पर इसका शुभारंभ किया जा रहा है. यह ट्रेन जींद जंक्शन, गोहाना जंक्शन और सोनीपत को जोड़ेगी. साथ ही यह मार्ग के बीच स्थित स्टेशनों और प्रस्तावित ठहरावों पर भी सेवा देगी. इनमें जींद सिटी, पांडू पिंडारा जंक्शन, ललित खेड़ा हॉल्ट, भंभेवा, इसापुर खेड़ी हॉल्ट, बुटाना हॉल्ट, खंडराई हॉल्ट, रभराह हॉल्ट, लाठ हॉल्ट, मोहाना, बरवासनी हॉल्ट और सोनीपत न्यू शामिल हैं.
ये भी पढ़ें:- हाइड्रोजन ट्रेन में होंगे 10 डिब्बे, एक बार में 2,600 यात्री कर सकेंगे सफर, इन स्टेशनों पर रुकेगी ट्रेन
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं