How to verify MCD parking: दिल्ली में कई जगह लोगों से पार्किंग के नाम पर जरूरत से ज्यादा पैसे वसूले जाते हैं. कई बार ऐसे लोग भी पैसे मांगते हैं जिनका नगर निगम से कोई संबंध नहीं होता. कहीं गाड़ी पार्क करते ही लोग हाथ में मशीन लेकर आपके पैसे वसूलने आ जाते हैं. ऐसे में ये जानना जरूरी है कि जिस जगह आप अपनी गाड़ी को पार्क कर रहे हैं, वो असल में MCD की अधिकृत पार्किंग है या नहीं. थोड़ी सी सावधानी बरतकर आप पार्किंग के नाम पर होने वाली ठगी से बच सकते हैं. आइए जानते हैं कैसे-
असली और नकली MCD पार्किंग को कैसे पहचानें?
इसे लेकर NDTV संग हुई खास बातचीत के दौरान सुप्रीम कोर्ट ऑफ इंडिया में एडवोकेट अभिमन्यु कुमार ने बताया, सबसे आसान तरीका है ऑनलाइन चेक करना. इसके लिए-
- MCD की आधिकारिक वेबसाइट mcdonline.nic.in खोलें.
- वेबसाइट के दाईं ओर दिए गए 'Online Services' विकल्प पर क्लिक करें.
- यहां MLF Payment- Parking Management System पर जाएं.
- इसके बाद ऊपर दाईं ओर 'Know Your Parking Site' ऑप्शन मिलेगा.
- इस पर क्लिक करते ही एक मैप खुल जाएगा जिसमें दिल्ली के सभी अधिकृत पार्किंग स्थल दिखते हैं. जिस जगह की जानकारी चाहिए, उस पिन पर क्लिक करते ही उस पार्किंग से जुड़ी जानकारी जैसे ठेकेदार का नाम, कंपनी का नाम और अन्य विवरण दिखाई दे जाते हैं.
यह भी पढ़ें- ATM में डेबिट कार्ड फंस जाए तो क्या करें? तुरंत उठाएं ये जरूरी कदम
ये तरीका भी आएगा कामऑनलाइन जांच के अलावा पार्किंग स्थल पर लगे सूचना बोर्ड से भी इसकी पहचान की जा सकती है. एडवोकेट अभिमन्यु बताते हैं, MCD के नियमों के अनुसार, हर अधिकृत पार्किंग स्थल के प्रवेश द्वार पर एक बोर्ड लगाना जरूरी होता है. इस बोर्ड पर MCD का लोगो, पार्किंग स्थल का नाम, ठेकेदार का नाम और अनुबंध की वैधता अवधि साफ-साफ लिखी होती है. अगर किसी जगह ऐसा बोर्ड नहीं लगा है, तो वह पार्किंग संदिग्ध या अनधिकृत हो सकती है.
कैसे पता करें पार्किंग की पर्ची असली है या नकली?एडवोकेट बताते हैं, पार्किंग की पर्ची को पहचानने का भी एक खास तरीका है. MCD के नियमों के अनुसार, पार्किंग पर्ची हाथ से लिखकर नहीं दी जा सकती. पर्ची MyParking App से जुड़े हैंड-हेल्ड डिवाइस से ही जारी की जाती है. इस पर्ची पर पार्किंग स्थल का सीरियल नंबर, वाहन का नंबर, पार्किंग का समय, ली गई फीस, ठेकेदार का नाम और लाइसेंस की वैधता जैसी जानकारी लिखी होती है.
कितना होता है शुल्क?पार्किंग शुल्क भी तय होता है. सामान्य MCD पार्किंग में चारपहिया वाहन के लिए लगभग 20 रुपये प्रति घंटा और अधिकतम 100 रुपये (24 घंटे) तक लिया जा सकता है. वहीं, दोपहिया के लिए 10 रुपये प्रति घंटा और अधिकतम 50 रुपये (24 घंटे) तक शुल्क निर्धारित है. कुछ खास स्थानों पर यह शुल्क अलग हो सकता है, लेकिन तय सीमा से ज्यादा वसूली नहीं की जा सकती.
ज्यादा पैसे मांगने पर क्या करें?अगर कोई व्यक्ति तय शुल्क से ज्यादा पैसे मांगता है या जबरदस्ती वसूली करता है, तो तुरंत पार्किंग पर्ची लें और उसकी फोटो या वीडियो सुरक्षित रखें. इसके बाद शिकायत MCD 311 App, ई-मेल [mcd-ithelpdesk@mcd.nic.in](mailto:mcd-ithelpdesk@mcd.nic.in) या हेल्पलाइन 155305 पर की जा सकती है. गंभीर स्थिति में पुलिस हेल्पलाइन 112 पर भी सूचना दी जा सकती है.
इस तरह थोड़ी जागरूकता और सही जानकारी से आप पार्किंग के नाम पर होने वाली ठगी से आसानी से बच सकते हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं