UPI Payment without Internet: आजकल UPI के जरिए ऑनलाइन ट्रांजैक्शन करना पहले से कहीं ज्यादा आसान हो गया है. छोटे दुकानदार से लेकर मॉल और रेस्टोरेंट तक, हर जगह लोग UPI से पेमेंट कर रहे हैं. लेकिन कई बार नेटवर्क नहीं होने या इंटरनेट खत्म होने की वजह से पेमेंट अटक जाता है और परेशानी हो जाती है. ऐसे में बहुत कम लोग जानते हैं कि बिना इंटरनेट के भी UPI से पेमेंट किया जा सकता है. अगर आपके फोन में नेटवर्क नहीं है, तब भी आप एक आसान तरीके से डिजिटल पेमेंट कर सकते हैं. इस फीचर की मदद से न तो आपको कैश की जरूरत पड़ेगी और न ही पेमेंट फेल होने की टेंशन होगी. इसी कड़ी में आज हम आपको बताने जा रहे हैं कि बिना इंटरनेट के आप UPI के जरिए कैसे ऑनलाइन पेमेंट कर सकते हैं...
यह भी पढ़ें: अब अपनी लोकेशन बताना हुआ बेहद आसान, करें DIGIPin का इस्तेमाल, जानिए क्या हैं फायदे
2022 में शुरू हुआ था ऑफलाइन पेमेंट का फीचर
आपकी जानकारी के लिए बता दें, कि साल 2022 में नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) ने बिना इंटरनेट के UPI पेमेंट करने की सुविधा शुरू की थी. इस फीचर ने खास तौर पर उन लोगों की बड़ी समस्या का समाधान किया, जहां नेटवर्क कमजोर रहता है या इंटरनेट आसानी से उपलब्ध नहीं होता. आइए जानते हैं ऑफलाइन पेमेंट करने का तरीका...

ऑफलाइन पेमेंट करने का पूरा प्रोसेस
- बिना इंटरनेट के UPI पेमेंट करने के लिए आपको अपने मोबाइल फोन से *99# डायल करना होगा.
- इसके बाद स्क्रीन पर एक मेन्यू आएगा, जिसमें आप पैसे भेजने का ऑप्शन चुनें.
- इसके बाद आप मोबाइल नंबर के जरिए पैसे भेजने का ऑप्शन चुनें और सामने वाले का नंबर दर्ज करें.
- नंबर डालते ही सामने वाले का नाम दिखाई देगा, जिसे आप पेमेंट करने से पहले जरूर चेक कर लें.
- अब आपको रकम डालनी होगी, फिर अपना UPI पिन इंटर करना होगा.
- इतना करते ही आपका पेमेंट कुछ ही सेकेंड में पूरा हो जाएगा.
इस बात का रखें ध्यान
ऑफलाइन पेमेंट के लिए आपका मोबाइल नंबर बैंक अकाउंट से लिंक होना जरूरी है. इसके अलावा कुछ मामलों में आधार लिंक होना भी जरूरी होता है. ऐसे में अगर मोबाइल नंबर लिंक नहीं होगा, तो पेमेंट फेल हो सकता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं