विज्ञापन

नोएडा-गाजियाबाद में आज से गंगाजल मिलेगा, गंगनहर शुरू, इंदिरापुरम, वैशाली-वसुंधरा से लेकर नोएडा के इन सेक्टरों को लाभ

नोएडा और गाजियाबाद में गंगाजल आपूर्ति आज से सामान्य होने लगेगी. गंग नहर में पानी छोड़े जाने से हरिद्वार से लेकर, गाजियाबाद और नोएडा तक जल आपूर्ति बहाल हो जाएगी. जल संकट दूर हो जाएगा.

नोएडा-गाजियाबाद में आज से गंगाजल मिलेगा, गंगनहर शुरू, इंदिरापुरम, वैशाली-वसुंधरा से लेकर नोएडा के इन सेक्टरों को लाभ
Ganga Jal Water Supply: गंगा जल की आपूर्ति नोएडा-गाजियाबाद में बहाल
नोएडा-गाजियाबाद:

नोएडा-गाजियाबाद के बाशिंदों की पानी की किल्लत दिवाली बाद आज से खत्म हो जाएगी. हरिद्वार से गंगनहर में पानी छोड़ा गया है. गाजियाबाद के प्रताप विहार, सिद्धार्थ विहार के वाटर ट्रीटमेंट प्लांटों के रखरखाव का काम भी पूरा हो गया है. दोनों शहरों में लगभग 20 लाख से ज्यादा लोगों को इससे गंगाजल की आपूर्ति होने लगेगी. दिवाली और छठ जैसे बड़े त्योहारों में यहां जल संकट चल रहा था. नोएडा के अलावा गाजियाबाद के ट्रांस हिंडन की आबादी को इससे परेशानी हो रही थी. अपर गंगनहर की सालाना सफाई और मरम्मत हो जाने से दोनों शहरों में जल आपूर्ति का रास्ता साफ हो गया है. हरिद्वार से गंगनहर में 7 नवंबर की रात को पानी छोड़ा गया था. ट्रांस हिंडन क्षेत्र में 8 नवंबर को और नोएडा के प्रभावित सेक्टरों में 9-10-11 नवंबर तक वाटर सप्लाई सामान्य हो जाएगी.

अपर गंगनहर की सफाई का काम पूरा

अपर गंगनहर में जमा सिल्ट की सालाना सफाई और सिद्धार्थ विहार, प्रताप विहार प्लांट के रखरखाव-मरम्मत की वजह से 21 अक्टूबर से पानी की आपूर्ति रोकी गई थी. हरिद्वार से जल छोड़ने और गाजियाबाद प्लांट तक पानी की आपूर्ति और जलशोधन में 24 से 48 घंटे लगते हैं. गाजियाबाद के विजय नगर, वैशाली-वसुंधरा, कौशांबी तक पानी की सप्लाई अहम है. प्रताप विहार, सिद्धार्थ विहार वाटर प्लांट से रोज 240 से 360 मिलियन लीटर प्रतिदिन (MLD) गंगाजल शोधन कर नोएडा,गाजियाबाद आपूर्ति होती है. 

गंगा जल आपूर्ति बहाल

गंगाजल की सप्लाई बहाल होने से दोनों शहरों में लो प्रेशर और खारे पानी की समस्या खत्म होगी, जो अभी गंगाजल पर निर्भर है. गंगाजल आपूर्ति गाजियाबाद के ट्रांस हिंडन के आसपास, इंदिरापुरम, वसुंधरा, वैशाली, कौशांबी, सिद्धार्थ विहार, डेल्टा कॉलोनी में बृज विहार, सूर्यनगर, रामप्रस्थ, चंद्रनगर और रामपुरी में होती है. गौतमबुद्ध नगर नोएडा की बात करें तो     पुराने सेक्टर, सेक्टर-74 से 79 तक सोसाइटी, सेक्टर-19, 118, 127 और आसपास के हाउसिंग सेक्टर में सप्लाई होती है. 

सिद्धार्थ विहार और प्रताप विहार प्लांट अहम

नोएडा और गाजियाबाद की प्यास बुझाने में गाजियाबाद के प्रताप विहार (240 MLD और 120 MLD) और सिद्धार्थ विहार प्लांट का पानी अहम है. नोएडा में रोजाना करीब 450 MLD से अधिक वाटर डिमांड रहती है. इसमें से 240 MLD पानी गंगाजल के तौर पर गाजियाबाद के वाटर प्लांट से आता है. यह नोएडा की 75 फीसदी सप्लाई का हिस्सा है. 100 MLD और नलकूप, ट्यूबवेल से 110 MLD वाटर सप्लाई होती है.

इंदिरापुरम से लेकर नोएडा तक सप्लाई

नहर बंदी के दौरान सिद्धार्थ विहार और प्रताप विहार प्लांट के पंपिंग सिस्टम, फिल्टर बेड और पाइपलाइन की मरम्मत का काम होता है. पानी आने पर बिना रुकावट के 100% क्षमता जल आपूर्ति होती है. वाटर सप्लाई न होने से इंदिरापुरम, वैशाली और वसुंधरा की ऊंची इमारतों की सोसाइटी में सिर्फ ट्यूबवेल, रैनीवेल पानी से काम चल रहा था.ट्यूबवेल के पानी से सिद्धार्थ विहार और इंदिरापुरम के इलाकों में पानी का TDS लेवल काफी बढ़ा था.

24 घंटे बरतें सावधानी 

पाइपलाइन से गंगाजल की दोबारा जलापूर्ति में पानी थोड़ा मटमैला हो सकता है. लिहाजा पानी सीधा पीने के लिए इस्तेमाल से पहले थोड़ा साफ होने के लिए 1-2 दिन इंतजार करें या आरओ शोधित कर पिएं. आपकी सोसाइटी के टैंक में पिछले 20 दिनों से बोरवेल का खारा पानी स्टोर था, तो मीठा गंगाजल आने पर टैंक की सफाई बेहतर रहेगी. जलापूर्ति बहाल होने के बाद भी गंदे पानी या प्रेशर की समस्या है तो नोएडा अथॉरिटी या गाजियाबाद के जलकल विभाग के टोलफ्री नंबर या कंट्रोल रूम में अपनी शिकायत दर्ज कराएं. सालाना ऐसे जल संकट को दूर करने के लिए नोएडा अथॉरिटी 45 करोड़ रुपये से यमुना किनारे सेक्टर-132 और सेक्टर-135 में 17-17 MLD कैपेसिटी के दो नए रैनीवेल बना रहा है. इससे नोएडा को प्रतिदिन 34 MLD अतिरिक्त मीठा पानी मिलेगा. 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Ganga Jal Supply, Gang Nahar Water Supply, Noida Water Supply, Ghaziabad Water Supply, Water Plants
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com