Aadhaar Update: भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने myAadhaar पोर्टल पर मुफ्त में आधार दस्तावेज अपडेट करने की सुविधा को एक साल और बढ़ा दिया गया है. अब आधार कार्ड धारक 14 जून, 2027 तक बिना किसी शुल्क के अपने आधार में दस्तावेज अपडेट कर सकते हैं. यह जानकारी UIDAI ने खुद दी है. UIDAI के मुताबिक, लोगों की अच्छी प्रतिक्रिया को देखते हुए इस सुविधा की समय सीमा बढ़ाई गई है, क्योंकि बड़ी संख्या में लोग ऑनलाइन अपना डेटा अपडेट कर रहे हैं. इसके अलावा, UIDAI ने X (पहले ट्विटर) पर बताया है कि mAadhaar ऐप को जल्द बंद किया जाएगा. इसकी जगह यूजर्स एक नया आधार ऐप डाउनलोड कर सकते हैं.
फ्री में आधार अपडेट करने की आखिरी तारीख
अब आप myAadhaar पोर्टल के जरिए 14 जून 2027 तक अपने आधार कार्ड के दस्तावेज बिल्कुल मुफ्त में अपडेट कर सकते हैं. पहले इस सेवा के लिए फीस देनी पड़ती थी, लेकिन अब UIDAI ने इसे और एक साल के लिए बढ़ाकर फ्री कर दिया है. UIDAI के अनुसार, यह सुविधा 15 जून 2026 से 14 जून 2027 तक लागू रहेगी. केवल myAadhaar पोर्टल पर ही यह अपडेट मुफ्त में किया जा सकेगा. UIDAI के मुताबिक, जल्द ही नया ऐप भी लॉन्च किया जाएगा. नए ऐप में कई बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, जैसे- QR कोड के जरिए सुरक्षित आधार शेयर करना, बेहतर प्राइवेसी कंट्रोल और आधार सेवाओं का इस्तेमाल और भी आसान आदि.
आधार कार्ड धारक अब अपने पहचान और पता से जुड़े दस्तावेज बिना कोई शुल्क दिए ऑनलाइन अपडेट कर सकते हैं. यह सुविधा सिर्फ myAadhaar पोर्टल के जरिए ही उपलब्ध है. जिन लोगों ने कई साल पहले आधार बनवाया था और अब तक अपडेट नहीं किया है, उन्हें UIDAI दस्तावेज अपडेट करने की सलाह दे रहा है. इससे आधार डेटाबेस की जानकारी सही और अपडेटेड बनी रहती है.
यह भी पढ़ें:- Delhi Zoo: दिल्ली जू में अब एक टैप से करें जंगल की सैर, इस मोबाइल ऐप से घूमना हो जाएगा आसान
आधार दस्तावेज ऑनलाइन कैसे अपडेट करें?
Step 1- myAadhaar की वेबसाइट https://myaadhaar.uidai.gov.in/ पर जाएं और आधार नंबर व OTP के जरिए लॉगिन करें
Step 2- अपने प्रोफाइल में दिख रहे नाम और पते की जानकारी चेक करें
Step 3- अगर जानकारी गलत है, तो उसे सुधारने की प्रक्रिया अपनाएं
Step 4- अगर जानकारी सही है, तो “I verify that the above details are correct” पर क्लिक करें
Step 5- ड्रॉप-डाउन मेन्यू से पहचान पत्र चुनें
Step 6- अपना दस्तावेज अपलोड करें (फाइल 2MB से कम हो और JPEG, PNG या PDF फॉर्मेट में हो)
Step 7- अब पता प्रमाण (Address proof) चुनें
Step 8- पता से जुड़ा दस्तावेज भी अपलोड करें और अपनी सहमति देकर फॉर्म सबमिट कर दें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं