Barrier Free Toll: फरीदाबाद बॉर्डर स्थित दिल्ली-आगरा हाईवे का बदरपुर टोल टैक्स प्लाजा पर जल्द ही सारा सिस्टम बदलने वाला है. बदरपुर टोल प्लाजा भी अब जल्द ही बैरियर फ्री हो जाएगा. एनएचएआई ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है. फरीदाबाद बॉर्डर स्थित बदरपुर टोल प्लाजा अगले 6 माह में पूरी तरह बैरियर-फ्री हो जाएगा. नया सिस्टम शुरू होने से 150 मीटर दूर से ही टोल टैक्स कटने लगेगा.
दरअसल, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने हाल ही में UER-II के मुंडका-बक्करवाला स्ट्रेच पर भारत के दूसरे और दिल्ली के पहले बैरियर-लेस टोल प्लाजा का उद्घाटन किया. इससे वाहनों को टोल चुकाने के लिए रुकने की जरूरत खत्म हो जाती है. इस सिस्टम के शुरू होने से ट्रैफिक की गति बढ़ी और लंबी लाइनें खत्म हो रही है. अब लोगों को टोल पर रुकना नहीं पड़ता.
यह भी पढ़ें:- स्मार्ट LED सिस्टम से बदलेगी दिल्ली की स्ट्रीट लाइटें, खराब होने पर बिना शिकायत के तुरंत होंगी ठीक, जानिए कैसे
बदरपुर टोल प्लाजा पर कैसे कटेगा टैक्स
यहां पर टोल की वसूली इलेक्ट्रॉनिक तरीके से हो जाएगी. इस सिस्टम से वाहन जब टोल प्लाजा से गुजरेंगे, तो उनके रजिस्ट्रेशन नंबर को कैमरे द्वारा स्कैन किया जाएगा और टोल की वसूली इलेक्ट्रॉनिक तरीके से हो जाएगी. इसके लिए डिजिटल टोल पास या ई-टोल वॉलेट का इस्तेमाल करना होगा. इस तकनीक के लागू होने से प्लाजा पर ट्रैफिक जाम की समस्या काफी हद तक कम हो जाएगी. यहां 150 मीटर दूर से ही गाड़ियों को स्कैन कर हाईटेक कैमरों द्वारा टोल टैक्स वसूला जाएगा.
क्या है बैरियर-लेस टोल सिस्टम?
इस नई तकनीक में टोल प्लाजा पर बैरियर नहीं होते. गाड़ियां बिना रुके सीधे निकल जाती हैं और ऊपर लगे कैमरे और सेंसर वाहन का नंबर और FASTag स्कैन कर लेते हैं. इसके बाद टोल की रकम अपने आप कट जाती है. इस सिस्टम को मल्टी-लेन फ्री फ्लो यानी MLFF तकनीक कहा जाता है. इसका मकसद टोल प्लाजा पर जाम कम करना और यात्रा को तेज बनाना है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं