- केंद्र ने सुप्रीम कोर्ट को बताया कि सोनाली खातून के पित समेत 4 लोगों को 10 दिनों में भारत वापस लाया जाएगा
- ये चारों लोग बांग्लादेश भेजे गए थे. ये खुद को भारतीय नागरिक बताते हुए सुप्रीम कोर्ट पहुंचे थे
- बांग्लादेश ने इन लोगों को स्वीकार करने से इनकार किया था क्योंकि उनके पास वैध भारतीय दस्तावेज थे
केंद्र सरकार जिस सोनाली खातून को दिसंबर 2025 में बांग्लादेश से वापस भारत लेकर आई थी, अब उसके पति समेत चार लोगों को भी वापस लाएगी. कथित भारतीय नागरिकों को बांग्लादेश भेजा गया था. उनको सरकार अब वापस लेकर आएगी. केंद्र सरकार ने सुप्रीम कोर्ट को भरोसा दिलाया है कि सोनाली खातून के बाद इन लोगों को भी भारत वापस लाया जाएगा केंद्र सरकार ने अदालत में कहा कि दानिश समेत चार लोगों को 10 दिनों के भीतर बांग्लादेश से भारत वापस लाया जाएगा.
बांग्लादेश से वापस लाने की प्रक्रिया शुरू
सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने सुप्रीम कोर्ट को बताया कि दानिश, स्वीटी बीबी, कुरबान शेख और इमान शेख को वापस लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. बता दें कि बंग्लादेश भेजे गए ये सभी लोग खुद को भारतीय नागरिक बताते हुए सुप्रीम कोर्ट पहुंचे थे, जबकि उन्हें बांग्लादेशी मानकर निर्वासित कर दिया गया था.
बांग्लादेश ने नहीं किया स्वीकार
जानकारी के मुताबिक, बांग्लादेश ने इन लोगों को स्वीकार करने से इनकार कर दिया, क्योंकि उनके पास वैध भारतीय दस्तावेज थे. इसके बाद उन्हें वहां डिटेंशन सेंटर में रखा गया. मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की पीठ ने कहा कि केंद्र सरकार ने अदालत को आश्वस्त किया है कि इस मामले के विशेष तथ्यों को देखते हुए संबंधित लोगों को वापस लाया जाएगा और उनकी भारतीय नागरिकता की जांच की जाएगी. अदालत ने स्पष्ट किया कि यह आदेश किसी मिसाल के रूप में नहीं माना जाएगा.

दिसंबर 2025 में सोनाली खातून को भी वापस लाया गया था
सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि पूरी प्रक्रिया में लगभग 10 दिन लग सकते हैं और मामले को अदालत के दोबारा खुलने के बाद सूचीबद्ध किया जाएगा. इससे पहले दिसंबर 2025 में सुप्रीम कोर्ट ने 8 महीने की गर्भवती सोनाली खातून और उनके 8 साल के बेटे को मानवीय आधार पर बांग्लादेश से वापस लाने का निर्देश दिया था.
सोनाली खातून ने दावा-भारतीय नागरिक की बेटी हूं
सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार को उनके लिए मुफ्त चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और बच्चे की देखभाल सुनिश्चित करने को भी कहा था. सोनाली खातून ने दावा किया है कि वह भारतीय नागरिक की बेटी हैं. सुनवाई के दौरान जस्टिस जॉयमाल्या बागची ने कहा था कि उनके पिता की भारतीय नागरिकता विवादित नहीं है और अगर सोनाली उनकी बेटी हैं, तो नागरिकता कानून के तहत वह और उनके बच्चे भी भारतीय नागरिक होंगे.
ये भी पढ़ें-बेटा हुआ तो नाम 'देशप्रेम' रखूंगी... बांग्लादेश से वापस लौटी सोनाली खातून ऐसा क्यो बोलीं!
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं