विज्ञापन

1 नवंबर से बिजली कनेक्शन लेना होगा महंगा, BPL उपभोक्ताओं पर भी बढ़ेगा चार्ज, जानें नया रेट

उत्तराखंड में 1 नवंबर से नया बिजली कनेक्शन लेना महंगा हो जाएगा. नए नियमों में दरों में बढ़ोतरी के साथ कनेक्शन प्रक्रिया को बेहद आसान और पारदर्शी बना दिया है.

1 नवंबर से बिजली कनेक्शन लेना होगा महंगा, BPL उपभोक्ताओं पर भी बढ़ेगा चार्ज, जानें नया रेट
बिजली कनेक्शन होगा महंगा
NDTV इंडिया ग्राफिक्‍स
  • उत्तराखंड में बिजली कनेक्शन दर 1 नवंबर से महंगा होगा.
  • प्रीपेड कनेक्शन पर सिक्योरिटी चार्ज नहीं लिया जाएगा.
  • BPL उपभोक्ताओं को सर्विस लाइन चार्ज 150 रुपये देने होंगे.

उत्तराखंड में नया बिजली कनेक्शन लेने की योजना बना रहे लोगों के लिए एक बड़ी खबर है. राज्य में 1 नवंबर से नया बिजली कनेक्शन लेना महंगा हो जाएगा. हालांकि, उत्तराखंड विद्युत नियामक आयोग (UERC) ने दरों में बढ़ोतरी के साथ कनेक्शन प्रक्रिया को बेहद आसान और पारदर्शी बना दिया है. नए नियमों के लागू होने के बाद यूपीसीएल (UPCL) के इंजीनियरों की मनमानी और अनावश्यक चक्कर काटने की झंझट से राहत मिलेगी. यह आदेश आयोग के अध्यक्ष एमएल प्रसाद, विधि सदस्य अनुराग शर्मा और तकनीकी सदस्य प्रभात किशोर डिमरी की पीठ द्वारा जारी किया गया है.

सर्विस लाइन चार्ज और नई दरें

नियामक आयोग के नए आदेश के अनुसार सर्विस लाइन चार्ज में बढ़ोतरी की गई है. इसके तहत 4 किलोवाट तक के कनेक्शन के लिए BPL उपभोक्ताओं को सर्विस लाइन चार्ज के रूप में 100 की जगह 150 रुपये देना होगा. वहीं, सामान्य उपभोक्ताओं को 4 किलोवाट तक के कनेक्शन पर 1000 की जगह 1400 रुपये का भुगतान करना होगा. जबकि उच्च क्षमता कनेक्शन के लिए 4 से 10 किलोवाट तक के लिए सर्विस लाइन चार्ज 3000 रुपये, 10 से 25 किलोवाट तक 5000 रुपये और सिक्योरिटी चार्ज 600 रुपये तय किया गया है. इसके साथ ही कैटगरी के अनुसार अतिरिक्त सिक्योरिटी चार्ज भी निर्धारित किया गया है.

प्रीपेड मीटर पर सिक्योरिटी खत्म

नियमों में उपभोक्ताओं को सबसे बड़ी राहत स्मार्ट/प्रीपेड मीटर श्रेणी में दी गई है. अब प्रीपेड कनेक्शन लेने वाले उपभोक्ताओं से किसी भी तरह का सिक्योरिटी चार्ज या एडिशनल सिक्योरिटी नहीं ली जाएगी. उनसे केवल प्रीपेड मीटर का निर्धारित शुल्क ही लिया जाएगा.

लाइन बिछाने और ट्रांसफार्मर के रेट भी तय

बीपीएल उपभोक्ताओं को 300 मीटर तक बिजली लाइन बिछाने पर कोई शुल्क नहीं देना होगा. 300 मीटर से अधिक दूरी पर 400 रुपये प्रति 10 मीटर लगेगा. 4 किलोवाट तक के सामान्य उपभोक्ताओं के लिए 300 मीटर तक 900 रुपये, जबकि अंडरग्राउंड लाइन के लिए 2700 रुपये तय किया गया है.

अब कनेक्शन लेने के लिए व्यक्तिगत साइट निरीक्षण और अलग से इस्टीमेट बनाने की व्यवस्था को समाप्त कर दिया गया है. अपने परिसर में ट्रांसफार्मर लगाने की स्थिति में दरें निर्धारित कर दी गई हैं. इसमें 25 केवीए ट्रांसफार्मर के लिए 2 लाख रुपये और 63 केवीए के लिए 2.75 लाख रुपये शुल्क देय होंगे.

यह भी पढ़ें | रामलीला-दुर्गा पूजा और दिवाली मेला में नहीं होगी बिजली कटौती, दिल्ली में 24 घंटे में मिलेगा पॉवर कनेक्शन

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Uttarakhand Electricity Prices Hiked, Electricity Connection, Uttarakhand News, Utility News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com