- राजस्थान के बहरोड़ से BJP विधायक और पूर्व मंत्री डॉ. जसवंत सिंह यादव का 73 वर्ष की उम्र में जयपुर में निधन हुआ
- डॉ. जसवंत सिंह यादव का पार्थिव शरीर अलवर स्थित जसवंत नगर आवास में अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा.
- उनका अंतिम संस्कार खैरथल तिजारा जिले के पैतृक गांव सिलपटा में सोमवार दोपहर तीन बजे किया जाएगा,
राजस्थान के बहरोड़ से भारतीय जनता पार्टी (BJP) के विधायक और पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. जसवंत सिंह यादव का लंबी बीमारी के बाद रविवार सुबह जयपुर में निधन हो गया. वह 73 वर्ष के थे. उनके बेटे मोहित यादव ने सोशल मीडिया के जरिए इसकी जानकारी दी. उन्होंने बताया कि सुबह 8:15 बजे अंतिम सांस ली. उनके निधन के बाद से राजनीतिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई है और विभिन्न दलों के नेताओं ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है.
अंतिम दर्शन और अंतिम संस्कार का कार्यक्रम
परिवार से मिली जानकारी के मुताबिक, दिवंगत नेता के पार्थिव शरीर को अलवर स्थित जसवंत नगर आवास पर अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा. इसके बाद उनका अंतिम संस्कार खैरथल तिजारा जिला में स्थित पैतृक गांव सिलपटा में सोमवार को दोपहर के बाद तीन बजे किया जाएगा.
राजनीतिक सफर
- डॉ. जसवंत सिंह यादव का राजनीतिक करियर लंबा और प्रभावशाली रहा.
- उन्होंने साल 1998 में मुंडावर विधानसभा सीट से चुनाव जीतकर राजनीतिक सफर की शुरुआत की थी.
- वर्ष 1999 में वह अलवर संसदीय सीट से लोकसभा के लिए निर्वाचित हुए थे.
- वह वसुंधरा राजे के नेतृत्व वाली राजस्थान सरकार में 2016 से 2018 तक कैबिनेट मंत्री के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके थे.
- अपने पूरे जीवन में वह कुल चार बार विधायक चुने गए.
यह भी पढ़ें- ईरान के सुप्रीम लीडर के प्रतिनिधि ने जीता हिंदुस्तानियों का दिल, यूं दी दिवाली की बधाई
डॉ. जसवंत यादव के निधन के बाद राजस्थान विधानसभा का गणित भी बदल गया है. दरअसल, उनके निधन के बाद राजस्थान विधानसभा में सदस्यों की कुल संख्या घटकर 199 रह गई है. नियमों के मुताबिक रिक्त हुई बहरोड़ विधानसभा सीट पर आगामी छह महीने के भीतर उपचुनाव होने की संभावना है.
यह भी पढ़ें- फेसबुक पर मुसलमानों को गरियाने से आप आगे नहीं बढ़ेंगे, ब्राह्मणों के आयोजन में बोले प्रशांत किशोर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं