देश में अमृत भारत एक्सप्रेस कई स्टेशनों से शुरू की जा रही है. हाल ही में दिल्ली-यूपी-बिहार के बीच चलने वाली सात अमृत भारत एक्सप्रेस का ऐलान किया गया है. जिसमें धनबाद-कोयम्बतूर अमृत भारत एक्सप्रेस को लेकर भी ऐलान किया गया था. वहीं अब धनबाद से कोयम्बतूर के लिए चलने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस 22 अगस्त यानी इसी शनिवार से शुरू होने वाली है. यानी अब झारखंड से सीधे तमिलनाडु जाने के लिए यात्रियों अमृत भारत एक्सप्रेस शुरू होने जा रहा है.
सप्ताह में एक दिन चलेगी अमृत भारत एक्स्प्रेस
यात्रियों की सुविधा के मद्देनजर रेलवे द्वारा गोमो-गया-डीडीयू-प्रयागराज छिवकी-जबलपुर-नागपुर-बल्लारशाह-वरंगल-विजयवाड़ा-गुडुर-काटपाडी-जोलारपेट्टै-ईरोड के रास्ते धनबाद और कोयम्बतूर के मध्य एक नई अमृत भारत एक्सप्रेस का परिचालन प्रारंभ किया जा रहा है. यह अमृत भारत एक्सप्रेस धनबाद से 22 अगस्त, 2026 से सप्ताह में एक दिन प्रत्येक शनिवार को तथा कोयंबत्तूर से 25 अगस्त, 2026 से प्रत्येक मंगलवार को परिचालित होगी.
इस गाड़ी में स्लीपर क्लास के 08, सामान्य द्वितीय श्रेणी के 11, पेंट्रीकार का 01 तथा एल.एस.एल.आर.डी के 02 कोचों सहित कुल 22 बोगियां होगी.
धनबाद से कोयम्बतूर अमृत भारत एक्सप्रेस का पूरा शेड्यूल
गाड़ी संख्या 22363 धनबाद-कोयम्बतूर अमृत भारत एक्सप्रेस 22 अगस्त, 2026 से सप्ताह में एक दिन प्रत्येक शनिवार को शाम 16.10 बजे खुलकर 16.40 बजे नेसुब गोमो, 17.00 बजे पारसनाथ, 17.23 बजे हजारीबाग रोड, 18.02 बजे कोडरमा, 19.30 बजे गया, 20.21 बजे अनुग्रह नारायण रोड, 20.40 बजे डेहरी ऑन सोन, 20.56 बजे सासाराम, 21.30 बजे भभुआ रोड, 22.40 बजे डीडीयू सहित अन्य स्टेशनों पर रुकते हुए सोमवार को 18.30 बजे कोयम्बतूर पहुंचेगी.
वापसी में गाड़ी सं. 22364 कोयम्बत्तूर-धनबाद अमृत भारत एक्सप्रेस 25 अगस्त, 2026 से सप्ताह में एक दिन प्रत्येक मंगलवार को कोयम्बतूर से 07.50 बजे खुलकर गुरूवार को 05.05 बजे डीडीयू, 05.56 बजे भभुआ रोड, 06.30 बजे सासाराम, 06.48 बजे डेहरी ऑन सोन, 07.03 बजे अनुग्रह नारायण रोड, 08.55 बजे गया, 10.25 बजे कोडरमा, 11.00 बजे हजारीबाग रोड, 11.18 बजे पारसनाथ, 11.48 बजे नेसुब गोमो रुकते हुए 13.00 बजे धनबाद पहुंचेगी.
यह भी पढ़ेंः गोरखपुर को एक और अमृत भारत ट्रेन की सौगात! लखनऊ, कानपुर, झांसी, भोपाल, नागपुर होते हुए पहुंचेगी हैदराबाद
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं