- दिल्ली, गोरखपुर, भोपाल, बांद्रा, अहमदाबाद, भागलपुर और चारलापल्ली में अमृत भारत ट्रेन सेवा शुरू होने जा रही है
- दिल्ली और गोरखपुर के बीच 27 और 28 अगस्त से वीकली अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन सेवा शुरू होगी
- चारलापल्ली से गोरखपुर तक नई साप्ताहिक ट्रेन 2 अक्टूबर से चलेगी जो भोपाल मंडल के प्रमुख जंक्शन से होकर गुजरेगी
अमृत भारत रेल नेटवर्क देशभर में तेजी से फैल रहा है. दिल्ली, गोरखपुर, भोपाल, बान्द्रा, अहमदाबाद, भागलपुर, चारलापल्ली को जल्द ही अमृत भारत एक्सप्रेस की सौगात मिलने जा रही है. इस ट्रेन के चलने से इन जगहों पर रेल कनेक्टिविटी और मजबूत हो जाएगी और यात्रियों को शानदार रेल सेवा का अनुभव मिलेगा.दिल्ली, गोरखपुर से बरेली-मुरादाबाद तक नई ट्रेन का ऐलान किया गया है. वहीं बिहार से गुजरात तक 4 रूट पर ट्रेन दौड़ने जा रही है.
दिल्ली-गोरखपुर अमृत भारत एक्सप्रेस
27 अगस्त को गोरखपुर से और 28 अगस्त को दिल्ली से इस ट्रेन की शुरुआत होने जा रही है. इस वीकली ट्रेन सेवा से यूपी और दिल्ली के बीच रेल कनेक्टिविटी और मजबूत होगी. वहीं गोरखपुर-बान्द्रा के बीच भी 28 अगस्त से ट्रेन सेवा शुरू होने जा रही है.चारलापल्ली- गोरखपुर अमृत भारत एक्सप्रेस 2 अक्टूबर से शुरू होगी.

दिल्ली-गोरखपुर के बीच किन स्टेशनों पर रुकेगी?
गोरखपुर और दिल्ली के बीच चलने वाली यह ट्रेन गोरखपुर के बाद खलीलाबाद, बस्ती, गोंडा, बुढ़वाल, सीतापुर, बरेली, मुरादाबाद, गाजियाबाद से दिल्ली आकर रुकेगी. यह ट्रेन गोरखपुर से गुरुवार रात 10 बजकर 45 मिनट पर चलेगी और अगले दिन दोपहर 12 बजकर 50 मिनट पर दिल्ली पहुंचेगी.वहीं ये ट्रेन दिल्ली से शुक्रवार दोपहर 2 बजे चलेगी और अगले दिन सुबह 6 बजकर 30 मिनट पर गोरखपुर पहुंचेगी.
चारलापल्ली-गोरखपुर अमृत भारत एक्सप्रेस
अमृत भारत एक्सप्रेस की सौगात भोपाल को भी मिली है. 2 अक्टूबर से चारलापल्ली से गोरखपुर के बीच एक नई ट्रेन चलने वाली है. यह रेल सेवा साप्ताहिक होगी. इसका फायदा भोपाल मंडल के तीन प्रमुख जंग्शन इटारसी, भोपाल और बीना को मिलेगा. इन तीनों जंग्शनों से ट्रेन होकर गुजरेगी. इससे भोपाल के यात्रियों को उत्तर और दक्षिण भारत के मुख्य शहरों तक बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी.

कितने घंटों में वापस गोरखपुर पहुंचेगी ट्रेन?
चारलापल्ली- गोरखपुर अमृत भारत एक्सप्रेस 2 अक्टूबर से हर शुक्रवार को चारलापल्ली से रात 9: 45 मिनट पर चलेगी और अगले दिन दोपहर 12: 5 मिनट पर इटारसी जंक्शन पहुंचेगी. दूसरे दिन सुबह 6: 25 बजे यह गोरखपुर पहुंचेगी. 4 अक्टूबर को ट्रेन गोरखपुर से सुबह 8:30 बजे चलकर अगले दिन चारलापल्ली पहुंचेगी.
गोरखपुर-बांद्रा अमृत भारत ट्रेन जल्द हो रही शुरू
गोरखपुर की दूसरी अमृत भारत ट्रेन 28 अगस्त से गोरखपुर से बांद्रा के बीच शुरू होने जा रही है. यह साप्ताहिक ट्रेन गोरखपुर से 28 अगस्त को हर शुक्रवार को और बांद्रा टर्मिनस से 29 अगस्त को हर शनिवार को चलेगी. इस ट्रेन में कुल 22 कोच होंगे.

अहमदाबाद से भागलपुर के बीच भी दौड़ेगी अमृत भारत एक्सप्रेस
गुजरात के अहमदाबाद से बिहार के भागलपुर के बीच भी वीकली अमृत भारत ट्रेन सेवा शुरू होने जा रही है. इसकी टिकिट्स की बुकिंग 21 अगस्त से IRCTC की वेबसाइट पर शुरू हो गई है. यह ट्रेन अहमदाबाद से भागलपुर 36 घंटे 10 मिनट में पहुंच जाएगी. यह ट्रेन अहमदाबाद से 26 अगस्त से हर बुधवार शाम 6:30 बजे चलेगी और शुक्रवार सुबह 6: 40 बजे भागलपुर पहुंचेगी. वहीं भागलपुर से वापसी 28 अगस्त से हर शुक्रवार शाम 4:45 बजे करेगी, जो कि रविवार सुबह 5:25 बजे अहमदाबाद पहुंचेगी.
ये भी पढे़ं-साउथ के इस स्टेशन से जुड़ेगा धनबाद, अमृत भारत ट्रेन को PM मोदी दिखाएंगे हरी झंडी, रूट-किराए से लेकर हर डिटेल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं