विज्ञापन

दिल्ली वालों के लिए जरूरी खबर: आजादपुर मंडी के पास एक महीने तक ट्रैफिक रहेगा प्रभावित, निकलने से पहले जान लें नए रूट

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, आजादपुर मंडी के पास ड्रेनेज खुदाई और निर्माण का काम हो रहा है. इसके चलते 16 जून 2026 से 15 जुलाई 2026 तक ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित रहेगी.

दिल्ली वालों के लिए जरूरी खबर: आजादपुर मंडी के पास एक महीने तक ट्रैफिक रहेगा प्रभावित, निकलने से पहले जान लें नए रूट
आजादपुर मंडी के पास 15 जुलाई तक ट्रैफिक का बड़ा असर, दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
(P.C- NDTV)

दिल्ली में रोजाना सफर करने वाले लोगों के लिए एक जरूरी खबर है. अगर आप जीटी करनाल रोड, आजादपुर, आदर्श नगर या मुकरबा चौक के आसपास से होकर गुजरते हैं, तो अगले एक महीने तक आपको एक्स्ट्रा समय लेकर घर से निकलना होगा. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर जानकारी शेयर करते हुए बताया है कि आजादपुर मंडी के पास ड्रेनेज खुदाई और निर्माण का काम हो रहा है. इसके चलते 16 जून 2026 से 15 जुलाई 2026 तक ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित रहेगी.

किन इलाकों में रहेगा असर?

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, जीटी करनाल रोड पर महेंद्र पार्क से आदर्श नगर मेट्रो स्टेशन के बीच ट्रैफिक की रफ्तार धीमी रह सकती है. निर्माण कार्य और भारी मशीनों की तैनाती के कारण आजादपुर मंडी, आदर्श नगर, महेंद्र पार्क और मुकरबा चौक के आसपास जाम की स्थिति बन सकती है.

कौन-से रास्ते से बचें?

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे आजादपुर मंडी के पास जीटी करनाल रोड के प्रभावित हिस्से से बचें. खास तौर पर महेंद्र पार्क और आदर्श नगर मेट्रो स्टेशन के बीच का रास्ता पीक आवर्स में परेशानी का कारण बन सकता है.

इन रास्तों का करें इस्तेमाल

मुकरबा चौक बाईपास से आजादपुर या आदर्श नगर जाने वाले वाहन चालक आउटर रिंग रोड होते हुए मुकुंदपुर का रास्ता अपनाएं. इसके बाद अरिहंत मार्ग या रोड नंबर-51 का इस्तेमाल किया जा सकता है.

इन जगहों पर रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन

ट्रैफिक डायवर्जन के प्रमुख प्वाइंट आजादपुर चौक ट्रैफिक लाइट, जहांगीरपुरी टी-पॉइंट और मुकरबा चौक होंगे.

यात्रियों के लिए जरूरी सलाह

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से कहा है कि वे यात्रा की योजना पहले से बनाकर एक्स्ट्रा समय लेकर निकलें और जहां संभव हो, पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल करें. साथ ही लेन अनुशासन का पालन करें और ड्यूटी पर मौजूद ट्रैफिक कर्मियों के निर्देशों का पालन करें.

रियल टाइम ट्रैफिक अपडेट के लिए लोग दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की वेबसाइट, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और हेल्पलाइन नंबर 1095 या 011-25844444 पर संपर्क कर सकते हैं.

यह भी पढ़ें- नोएडा-ग्रेटर नोएडा की ई-बसों के नए रूट जारी, कुछ स्टॉपेज हटे और कई नए जुड़े, देखें पूरी लिस्ट

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Delhi Traffic Advisory, Delhi News, Utility News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com