Delhi Online Property Registration: दिल्ली में संपत्ति (Property) खरीदना और बेचना अब पहले से कहीं ज्यादा आसान, पारदर्शी और भ्रष्टाचार मुक्त होने जा रहा है. दरअसल, राजस्व विभाग ने राजधानी में संपत्ति की ऑनलाइन रजिस्ट्री (Online Property Registration) का प्रस्ताव तैयार कर कैबिनेट मंजूरी के लिए भेजा है.
इस नई व्यवस्था के लागू होने के बाद खरीदार और विक्रेता को सब रजिस्ट्रार (Sub Registrar) के दफ्तर जाने की जरूरत नहीं होगी. लोग अपने घर या कार्यालय से ही मोबाइल या लैपटॉप के जरिए कुछ ही मिनटों में रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे. इससे न केवल समय और पैसे की बचत होगी, बल्कि दफ्तरों में होने वाली धांधली और रिश्वतखोरी पर भी प्रभावी अंकुश लगेगा.
घर बैठे ऐसे होगी ऑनलाइन रजिस्ट्री?
- सबसे पहले राजस्व विभाग के आधिकारिक पोर्टल पर खरीद बिक्री से जुड़ा ऑनलाइन आवेदन फॉर्म भरना होगा.
- सिस्टम स्वचालित रूप से संपत्ति की जांच करेगा कि उस पर कोई कानूनी या मालिकाना विवाद तो नहीं है.
- संपत्ति के विवाद मुक्त पाए जाने पर ऑनलाइन प्रक्रिया का समय तय होगा. निर्धारित समय पर मोबाइल या कंप्यूटर के माध्यम से डिजिटल हस्ताक्षर और लाइव फोटो कैप्चर करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी.
- सभी विवरण सही पाए जाने पर सब रजिस्ट्रार अगले 10 मिनट के भीतर डिजिटल साइन करके दस्तावेज स्वीकृत कर देंगे.
- रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी होते ही संपत्ति के मूल दस्तावेज खरीदार के DigiLocker अकाउंट में सीधे ट्रांसफर कर दिए जाएंगे.
कब तक लागू होगी योजना?
कैबिनेट से मंजूरी मिलने के बाद विधानसभा के जरिए संबंधित कानून में संशोधन किया जाएगा. अधिकारियों के मुताबिक इस पूरी प्रक्रिया को पूरा करके अगले 6 महीनों के भीतर फेसलेस रजिस्ट्री की व्यवस्था लागू करने का लक्ष्य रखा गया है.
यह भी पढ़ें- दिल्ली में GPA पर खरीदी है प्रॉपर्टी? अब कानूनी रूप से बनना चाहते हैं मालिक, तो तुरंत उठाए ये कदम
यह भी पढ़ें- दिल्ली में आप जो फ्लैट या मकान खरीदने जा रहे हैं, कहीं वो प्रॉपर्टी गैर-कानूनी तो नहीं? ऐसे चेक करें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं