Barrier Free Tolling In Delhi: दिल्ली में दाखिल होने वाले वाहन चालकों को अब टोल प्लाजा पर लंबी-लंबी लाइनों से नहीं जूझना पड़ेगा. दरअसल, दिल्ली नगर निगम (MCD) ने शहर की 9 सबसे व्यस्त सीमाओं पर मल्टी लेन फ्री फ्लो यानी बैरियर फ्री टोलिंग सिस्टम स्थापित करने का लक्ष्य रखा है. पहले चरण में 9 सबसे व्यस्त हाईवे पॉइंट्स को शामिल किया गया है.
इस नई व्यवस्था के तहत टोल प्लाजा से फिजिकल बूम बैरियर हटा दिए जाएंगे. यानी अब गाड़ियां बिना अपनी रफ्तार धीमी किए सीधे बॉर्डर पार कर सकेंगी और उनका टोल अटोमेटिक तरीके से कट जाएगा. नगर निगम (MCD) के इस कदम से DND फ्लाईवे, रजोकरी, गाजीपुर, बदरपुर और कुंडली जैसे व्यस्त बॉर्डर पॉइंट्स पर लगने वाले लंबे जाम से राहत मिलेगी.
बिना रुके ऐसे कटेगा टोल
बैरियर फ्री टोलिंग का मतलब टोल माफ होना नहीं है, बल्कि भुगतान की प्रक्रिया को डिजिटल और बिना रुकावट वाला बनाना है. इसके लिए हाईवे पर ओवरहेड गैन्ट्री पर हाईस्पीड Automatic Number Plate Recognition कैमरे और FASTag रीडर लगाए जाएंगे. जैसे ही वाहन सामान्य गति से गैन्ट्री के नीचे से गुजरेगा, कैमरे नंबर प्लेट स्कैन करेंगे और FASTag वॉलेट से तय टोल राशि अपने आप कट जाएगी.
9 बैरियर फ्री टोल प्लाजा में शामिल है ये प्रमुख प्वाइंट्स
- DND फ्लाईवे (नोएडा-दिल्ली बॉर्डर)
- रजोकरी बॉर्डर (गुरुग्राम-दिल्ली एनएच 48)
- गाजीपुर बॉर्डर (दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे)
- बदरपुर बॉर्डर (फरीदाबाद-दिल्ली)
- कुंडली बॉर्डर (सोनीपत हरियाणा-दिल्ली)
इसके अलावा 4 अन्य प्रमुख व्यस्त बॉर्डर पॉइंट को भी शामिल किया गया है. गाजीपुर बॉर्डर पर अगर यह सफल रहता है, तो वाहन चालकों को बड़ी राहत मिलेगी, क्योंकि यहां उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड से आने वाले भारी ट्रैफिक के कारण यहां रोजाना भीषण जाम लगता है.
एनएचएआई की हरी झंडी का इंतजार
हालांकि, अक्टूबर अंत की समय सीमा भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की अंतिम अनुमति पर निर्भर करती है. पिछले हफ्ते MCD और NHAI के अधिकारियों ने सभी 9 साइटों का निरीक्षण कर सर्वे पूरा कर लिया है. एनओसी मिलते ही ग्राउंड वर्क शुरू कर दिया जाएगा. टोल कलेक्शन का ठेका पाने वाली कंपनी सहकार ग्लोबल इस नए सिस्टम और गैन्ट्री लगाने के लिए लगभग 200 करोड़ रुपये का निवेश करेगी. इसके साथ ही MCD को अपने अधिकार क्षेत्र वाले सभी 154 टोल प्लाजा से सालाना लगभग 964 करोड़ के राजस्व मिलने की उम्मीद है.
देशभर में मार्च 2027 तक लागू होगा बैरियर फ्री सिस्टम
दिल्ली MCD की यह पहल केंद्र सरकार के उस बड़े विजन का हिस्सा है, जिसके तहत देशभर के नेशनल हाईवे से टोल प्लाजा के फिजिकल बैरियर खत्म किए जा रहे हैं. दरअसल, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने घोषणा की है कि मार्च 2027 तक देश के सभी राष्ट्रीय राजमार्गों को पूरी तरह से बैरियर फ्री कर दिया जाएगा. उन्होंने बताया कि वर्तमान में FASTag अपनाने से टोल बूथों पर औसतन वेटिंग टाइम 12 मिनट से घटकर काफी कम हो गया है.
यह भी पढ़ें- अब अगर टोल प्लाजा पर करेंगे ये गलती, तो ऑनलाइन कटेगा दोगुना चालान
इस व्यवस्था से देश में सालाना 5,250 करोड़ रुपये से ज्यादा के ईंधन की बचत हो रही है. इसी सपने को साकार करने के लिए एमसीडी ने चालू वर्ष के अंत तक अपने अधिकार क्षेत्र के सभी 154 टोल प्लाजा पर इस फ्री फ्लो सिस्टम को लागू करने का लक्ष्य रखा है.
यह भी पढ़ें- इस तारीख से हाईवे हो जाएंगे टोल बैरियर-फ्री, चलते फिरते हो जाएगा ओवरलोडिंग गाड़ियों का वजन !
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं