विज्ञापन

DDA फ्लैट में रहने वालों के लिए बड़ा बदलाव, 1 अप्रैल से मेंटेनेंस खुद करेगा DDA, जानें क्या होगा नया नियम

DDA to manage flats from April 1: अब दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) अपने हाउसिंग कॉम्प्लेक्स में फ्लैट्स की रोजमर्रा की देखभाल खुद करेगा. यह नई व्यवस्था 1 अप्रैल 2026 से शुरू होगी. इसका मकसद फ्लैट्स में साफ-सफाई, सुरक्षा और अन्य जरूरी सुविधाओं को बेहतर बनाना है.

DDA फ्लैट में रहने वालों के लिए बड़ा बदलाव, 1 अप्रैल से मेंटेनेंस खुद करेगा DDA, जानें क्या होगा नया नियम
DDA फ्लैट में रहने वालों के लिए बड़ा बदलाव

दिल्ली में DDA फ्लैट में रहने वाले लोगों के लिए जल्द ही एक नया नियम लागू होने वाला है. अब दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) अपने हाउसिंग कॉम्प्लेक्स में फ्लैट्स की रोजमर्रा की देखभाल खुद करेगा. यह नई व्यवस्था 1 अप्रैल 2026 से शुरू होगी. इसका मकसद फ्लैट्स में साफ-सफाई, सुरक्षा और अन्य जरूरी सुविधाओं को बेहतर बनाना है. अब तक कई DDA हाउसिंग सोसाइटियों में मेंटेनेंस की जिम्मेदारी स्पष्ट नहीं होने के कारण लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता था. कई जगह सफाई, सुरक्षा और मरम्मत के काम समय पर नहीं हो पाते थे. नई व्यवस्था से इन समस्याओं को कम करने की कोशिश की जाएगी.

यह भी पढ़ें- Mukhyamantri Mawan Dhiyaan Satkar Yojana: इस नई योजना में महिलाओं को हर महीने मिलेंगे 1500 रुपये, जानिए कैसे करें अप्लाई

फ्लैट मालिकों को देना होगा सर्विस चार्ज

इस नई व्यवस्था के तहत फ्लैट मालिकों से हर तीन महीने में सर्विस चार्ज लिया जाएगा. इस पैसे का इस्तेमाल हाउसिंग कॉम्प्लेक्स की साफ-सफाई, सुरक्षा और अन्य जरूरी कामों के लिए किया जाएगा. DDA हर तीन महीने में बिल भेजेगा और फ्लैट मालिकों को समय पर उसका भुगतान करना होगा.

कौन-कौन से काम करेगा DDA?

नई व्यवस्था के बाद DDA कई जरूरी कामों की जिम्मेदारी खुद संभालेगा. इसमें कॉम्प्लेक्स की सुरक्षा, कॉमन एरिया की सफाई, छत और पानी की टंकियों की सफाई, बेसमेंट की देखभाल और लिफ्ट, बिजली से जुड़े सिस्टम की देखरेख शामिल होगी.

इसके अलावा सीढ़ियों, लिफ्ट लॉबी और कॉरिडोर जैसे कॉमन एरिया की छोटी-मोटी मरम्मत भी करवाई जाएगी. कचरा फेंकने वाली जगहों की सफाई और गार्डनिंग के लिए इस्तेमाल होने वाली पानी की पाइपलाइन की देखभाल भी DDA करेगा.

कब तक DDA करेगा मेंटेनेंस?

DDA तब तक मेंटेनेंस की जिम्मेदारी संभालेगा जब तक किसी हाउसिंग पॉकेट में 80 प्रतिशत फ्लैट्स में लोग रहने नहीं लगते या वहां रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) रजिस्टर नहीं हो जाती. इन दोनों में जो भी बाद में होगा, तब तक DDA ही यह काम करता रहेगा.

अगर कुछ फ्लैट अभी भी नहीं बिके हैं, तो उनके लिए भी DDA संबंधित RWA को सर्विस चार्ज देगा.

सर्विस चार्ज कैसे तय होगा?

मेंटेनेंस के लिए लिया जाने वाला चार्ज फ्लैट के आकार और उसकी कैटेगरी के आधार पर तय किया जाएगा. इसके ऊपर अलग से GST भी देना होगा. शुरुआत में यह रेट अनुमान के आधार पर तय किए गए हैं, लेकिन आगे हर साल खर्च और महंगाई को देखकर इन्हें बदला जा सकता है.

समय पर भुगतान करना होगा जरूरी

फ्लैट मालिकों को बिल मिलने के बाद 10 दिनों के अंदर भुगतान करना होगा. भुगतान ऑनलाइन या कॉम्प्लेक्स में बने कैश काउंटर पर किया जा सकता है. अगर समय पर भुगतान नहीं किया गया तो 12 प्रतिशत सालाना ब्याज देना पड़ सकता है.

क्यों लिया गया यह फैसला?

पहले DDA फ्लैट बेचते समय केवल बड़े मरम्मत कार्यों के लिए एक बार का चार्ज लेता था. रोजमर्रा की देखभाल के लिए कोई नियमित व्यवस्था नहीं थी. इसी वजह से कई जगह मेंटेनेंस की समस्या सामने आती थी. नई व्यवस्था लागू होने के बाद उम्मीद है कि DDA हाउसिंग कॉम्प्लेक्स में सफाई, सुरक्षा और सुविधाएं पहले से बेहतर होंगी और लोगों को रहने के लिए ज्यादा अच्छा माहौल मिलेगा.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com