OLX और अन्य ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर घर, दुकान या ऑफिस किराए पर देने वालों को हरियाणा पुलिस ने अलर्ट रहने की सलाह दी है. पुलिस का कहना है कि साइबर ठग इन दिनों किराये के एड्स को निशाना बनाकर लोगों से ठगी कर रहे हैं. खास बात ये है कि ठग खुद को सेना का जवान, ऑफिसर या बैंक ऑफिसर बताकर लोगों का भरोसा जीतने की कोशिश करते हैं. इसके बाद वो फेक डॉक्यूमेंट्स और आईडी भेजकर लोगों को अपने जाल में फंसा लेते हैं.
ऐसे देते हैं ठगी को अंजाम
हरियाणा पुलिस के अनुसार, ठग सबसे पहले OLX पर दिए गए किराये के एड्स से कॉन्टेक्ट नंबर हासिल करते हैं. इसके बाद वो फोन करके खुद को आर्मी ऑफिसर, सैनिक या किसी प्रतिष्ठित बैंक का कर्मचारी बताते हैं. भरोसा दिलाने के लिए वो फर्जी आईडी कार्ड, आधार कार्ड या दूसरे जरूरी डॉक्यूमेंट्स भी भेज देते हैं. इसके बाद ठग एडवांस किराया या सिक्योरिटी मनी भेजने का बहाना बनाते हैं. इसी दौरान वो QR कोड स्कैन करने, बैंक खाते की जानकारी साझा करने, OTP बताने या किसी लिंक पर क्लिक करने के लिए कहते हैं. जैसे ही व्यक्ति उनकी बातों में आता है. उसके खाते से पैसे निकाल लिए जाते हैं.
इन बातों का रखें खास ध्यान
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मकान लेने में इंटरेस्टेड किसी भी व्यक्ति से आमने-सामने मुलाकात करें. केवल फोन कॉल या ऑनलाइन भेजे गए दस्तावोजों के आधार पर भरोसा न करें. किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक डिटेल्स, OTP, UPI PIN या दूसरी कोई भी पर्सनल इंफर्मेशन साझा करने से बचें. इसके अलावा किरायेदार की पहचान और दस्तावोजों की अच्छी तरह जांच-पड़ताल करने की भी सलाह दी गई है. यदि कोई व्यक्ति जल्दबाजी में पेमेंट करने या खास प्रोसेस अपनाने का दबाव बनाए तो ज्यादा अलर्ट हो जाएं.
???? OLX पर घर, दुकान या ऑफिस किराए पर दे रहे हैं? सावधान रहें! ????साइबर ठग OLX पर किराये के विज्ञापन देखकर खुद को सेना या बैंक अधिकारी बताकर संपर्क करते हैं। फर्जी आईडी और दस्तावेज़ भेजकर भरोसा जीतते हैं तथा “एडवांस पेमेंट” के नाम पर QR कोड, बैंक डिटेल्स या OTP मांगकर धोखाधड़ी करते… pic.twitter.com/BE44SZjjeD
— Haryana Police (@police_haryana) June 10, 2026
साइबर ठगी होने पर क्या करें?
हरियाणा पुलिस ने कहा है कि यदि कोई व्यक्ति साइबर धोखाधड़ी का शिकार हो जाता है तो उसे तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करना चाहिए. इसके अलावा साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत भी दर्ज की जा सकती है.
यह भी पढ़ें:- अलर्ट! ऑनलाइन फ्रॉड और नशे के जाल से बचना है, तो गांठ बांध लें गुरुग्राम पुलिस की ये बातें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं