BSES rajdhani name change online: दिल्ली में संपत्ति खरीदने या पारिवारिक हस्तांतरण के बाद बिजली के बिल में सही मालिक का नाम दर्ज होना बेहद जरूरी है. यदि आप BSES राजधानी पावर लिमिटेड (BRPL) या BSES यमुना पावर लिमिटेड (BYPL) के उपभोक्ता हैं, तो अब आपको नाम बदलवाने (Name Transfer) के लिए दफ्तरों के चक्कर काटने की बिल्कुल भी जरूरत नहीं है.
दरअसल, BSES ने इस पूरी प्रक्रिया को डिजिटल बना दिया है. आप अपनी सुविधा के मुताबिक ऑनलाइन पोर्टल के जरिए या नजदीकी डिवीजन ऑफिस जाकर नाम ट्रांसफर करा सकते हैं. आइए इसकी पूरी स्टेप-बाय-स्टेप प्रक्रिया जानते हैं.
आवेदन से पहले जुटा लें ये दस्तावेज
अगर आप अपने बिजली के कनेक्शन में नाम बदलवाना चाहते हैं, तो इसके लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू करने से पहले सभी जरूरी कागजातों की स्कैन कॉपी (PDF या JPEG फॉर्मेट) अपने पास जरूर रख लें. दरअसल, बिजली के बिल में नाम बदलवाने के लिए बिजली कंपनियां आवेदन के साथ कुछ दस्तावेजों की भी मांग करती है, जिसकी पूरी लिस्ट नीचे दी गई है.
- पहचान पत्र (ID Proof): आवेदक का आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी या पासपोर्ट.
- स्वामित्व का प्रमाण (Ownership Proof): प्रॉपर्टी की रजिस्ट्री (Sale Deed), अलॉटमेंट लेटर, या म्यूटेशन सर्टिफिकेट.
- पुराना बिजली बिल: आखिरी जमा किया गया BSES बिजली का बिल.
- अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC): यदि संपत्ति के एक से अधिक संयुक्त मालिक हैं या जीवित व्यक्ति से नाम ट्रांसफर हो रहा है, तो पूर्व मालिक का NOC फॉर्म.
- मृत्यु प्रमाण पत्र (Death Certificate): यदि पुराने कनेक्शन धारक की मृत्यु हो चुकी है, तो उनका डेथ सर्टिफिकेट और लीगल वारिस (Legal Heir) होने का प्रमाण पत्र.
ऑनलाइन नाम बदलने की प्रक्रिया
- अगर आप अपने बिजली बिल में नाम बदलवाना चाहते हैं, तो अब आप घर बैठे BSES बिजली बिल में नाम अपडेट करने के लिए आवेदन कर सकते हैं, बस इसके लिए आपको इन नीचे दिए गए आसान स्टेप्स का पालन करना होता है.
- अपने क्षेत्र के अनुसार BSES Delhi की आधिकारिक वेबसाइट या BYPL/BRPL के चेंज रिक्वेस्ट पोर्टल पर जाएं.
- अपने पंजीकृत यूजर आईडी (User ID) से लॉगिन करें या नए उपभोक्ता के तौर पर रजिस्टर करें.
- मुख्य पृष्ठ पर 'Connection Services' सेक्शन में जाएं और 'Change Request' पर क्लिक करें.
- अपना 9 अंकों का CA Number (Consumer Account Number) और रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर दर्ज करें. आपके मोबाइल पर आए OTP को दर्ज करके वेरीफाई करें.
- 'Change Request Type' के ड्रॉपडाउन मेन्यू में जाकर 'Name Change' विकल्प को सिलेक्ट करें.
- नए मकान मालिक की जानकारी भरें और मांगे गए सभी स्कैन किए गए दस्तावेजों को सही साइज में अपलोड करें.
- यदि कोई प्रोसेसिंग फीस या सिक्योरिटी डिपॉजिट लागू होता है, तो उसका डिजिटल माध्यम से भुगतान करें.
प्रोसेसिंग का समय
आवेदन सफलतापूर्वक सबमिट होने के बाद आपको एक एक्नॉलेजमेंट नंबर (Acknowledgement Number) मिलेगा. इसके बाद आवेदन के मुताबिक, दस्तावेजों के भौतिक या डिजिटल सत्यापन के बाद 20 से 30 दिनों के भीतर आने वाले नए बिल में नया नाम अपडेट होकर आ जाएगा.
ऑनलाइन प्रक्रिया
यदि आपको ऑनलाइन फॉर्म भरने में कोई तकनीकी परेशानी आ रही है, तो आप ऑफलाइन तरीका भी चुन सकते हैं. इसके लिए ऊपर बताए गए सभी आवश्यक दस्तावेजों की मूल प्रति और स्व-सत्यापित फोटोकॉपी साथ रखें. इसके बाद अपने क्षेत्र के नजदीकी BSES कस्टमर केयर सेंटर पर जाएं. वहां हेल्पडेस्क से 'Name Change Application Form' हासिल करें, उसे पूरा भरें और दस्तावेजों के साथ काउंटर पर जमा कर दें.
यह भी पढ़ें- इस शेयर ने एक साल में दिया 448 % का रिटर्न ! एशियन होटल्स (वेस्ट) के शेयरों में क्यों आई तूफानी तेजी?
सत्यापन पूरा होने पर आपका आवेदन स्वीकार कर लिया जाएगा और अगली बिलिंग साइकिल में नाम अपडेट कर दिया जाएगा.
यह भी पढ़ें- बच्चों के मन में अगर आएगा सुसाइड का ख्याल, तो तुरंत मां-बाप को अलर्ट भेज देगा Meta का AI
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं