Aadhaar App Pre-installed: केंद्र सरकार ने स्मार्टफोन कंपनियों के लिए आधार ऐप को पहले से मोबाइल में इंस्टॉल करना अनिवार्य करने की योजना को रद्द कर दिया है. इस फैसले की पुष्टि भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने की है. यह प्रस्ताव इस साल की शुरुआत में आया था, जिसका मकसद आधार ऐप को हर स्मार्टफोन में आसानी से उपलब्ध कराना था, लेकिन एप्पल और सैमसंग जैसी बड़ी मोबाइल कंपनियों ने इस पर आपत्ति जताई. कंपनियों ने सुरक्षा और खर्च को लेकर चिंता जताई थी.
क्या था यह प्रस्ताव
इस प्रस्ताव के तहत भारत में बिकने वाले हर स्मार्टफोन में आधार ऐप को पहले से इंस्टॉल करना जरूरी होता. हालांकि, इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) ने इस प्रस्ताव की समीक्षा की और इसे लागू न करने का फैसला लिया. यूआईडीएआई के मुताबिक, भारत के आईटी मंत्रालय ने इस प्रस्ताव की समीक्षा की है और स्मार्टफोन में आधार ऐप को अनिवार्य रूप से पहले से इंस्टॉल करने के पक्ष में नहीं है. इस तरह सरकार ने आधार ऐप को प्री‑इंस्टॉल कराने की योजना को फिलहाल छोड़ दिया है.
प्रस्ताव को लेकर क्या चिंताएं थीं?सरकार ने इस प्रस्ताव को वापस लेने की कोई साफ वजह नहीं बताई, लेकिन माना जा रहा है कि अलग‑अलग पक्षों से हुई बातचीत का इसमें बड़ा रोल रहा. स्मार्टफोन कंपनियों ने इस योजना को लेकर कई चिंताएं जताई थीं. कंपनियों का कहना था कि अलग‑अलग देशों के लिए मोबाइल की तकनीकी अनुकूलता (कम्पैटिबिलिटी) में दिक्कत आ सकती है. आधार ऐप को पहले से डालने के लिए अलग मैन्युफैक्चरिंग लाइन बनानी पड़ेगी, जिससे लागत बढ़ जाएगी. इससे मोबाइल की सुरक्षा पर भी खतरा हो सकता है.
यह भी पढ़ें:- Aadhaar-PAN Linking: 2026 में आधार को पैन से कैसे लिंक करें? जानिए आसान प्रोसेस
खबरों के मुताबिक, सैमसंग और एप्पल जैसी बड़ी कंपनियों ने इस प्रस्ताव का विरोध किया. उन्हें सुरक्षा और वैश्विक मोबाइल मानकों पर इसके असर को लेकर चिंता थी. अब फिलहाल, स्मार्टफोन यूजर्स को जरूरत पड़ने पर आधार ऐप खुद डाउनलोड करना होगा. इसे मोबाइल में डाउनलोड करना अनिवार्य नहीं है.
यूआईडीएआई के मुताबिक, अगर आधार ऐप स्मार्टफोन में पहले से इंस्टॉल होता, तो लोगों को अलग से ऐप डाउनलोड करने की जरूरत नहीं पड़ती. इससे नागरिक आधार से जुड़ी जरूरी सुविधाओं को आसानी से इस्तेमाल कर पाते और ऐप की पहुंच भी बढ़ती. आधार एक 12 अंकों की खास पहचान संख्या है, जो भारत के नागरिकों की पहचान के लिए दी जाती है. इसमें व्यक्ति की उंगलियों के निशान और आंखों की पुतली की जानकारी जुड़ी होती है. आधार का इस्तेमाल मुख्य रूप से बैंकों, मोबाइल कंपनियों और सरकारी सेवाओं में किसी व्यक्ति की डिजिटल पहचान की पुष्टि के लिए किया जाता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं