New Delhi Railway Station: नई दिल्ली रेलवे स्टेशन देश के सबसे व्यस्त स्टेशनों में से एक है, जहां हर दिन लाखों लोग यात्रा करते हैं. अब आने वाले समय में यह रेलवे स्टेशन पूरी तरह बदलने वाला है. सरकार यहां बड़े स्तर पर पुनर्विकास (Redevelopment) का काम कर रही है, ताकि यात्रियों को बेहतर सुविधा और सुरक्षित माहौल मिल सके. इसी कड़ी में हाल ही में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव (Ashwini Vaishnaw) ने अपने ऑफिशियल सोशल मीडिया हैंडल X, (पहले Twitter) से एक वीडियो शेयर करके इस प्रोजेक्ट की जानकारी दी है. इस वीडियो में स्टेशन का नया डिजाइन और चल रहे काम की भी झलक दिखाई गई है.
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत हो रहा काम
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन का यह पूरा प्रोजेक्ट अमृत भारत स्टेशन योजना (Amrit Bharat Station Scheme) के तहत किया जा रहा है. इस योजना का मकसद देश के रेलवे स्टेशनों को आधुनिक बनाना, भीड़ कम करना और यात्रियों के सफर को आसान बनाना है.
1500 AI कैमरों से बढ़ेगी सुरक्षास्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए करीब 1500 AI कैमरे लगाए जाएंगे. ये कैमरे हर जरूरी जगह जैसे प्लेटफॉर्म, एंट्री और एग्जिट गेट और भीड़भाड़ वाले इलाकों पर नजर रखेंगे. इसके साथ ही एक आधुनिक कंट्रोल रूम भी बनाया जाएगा, जहां से इन सभी कैमरों की निगरानी होगी. अगर कोई संदिग्ध गतिविधि होती है, तो सिस्टम तुरंत अलर्ट देगा. इससे समय रहते कार्रवाई हो सकेगी और और यात्रियों को ज्यादा सुरक्षित माहौल मिलेगा.
यात्रियों के लिए आसान और स्मार्ट सुविधाएंस्टेशन पर साफ और आधुनिक साइनबोर्ड लगाए जाएंगे, जिससे यात्रियों को प्लेटफॉर्म और रास्ता ढूंढने में आसानी होगी. इसके अलावा स्टेशन को भारत टैक्सी (Bharat Taxi) सेवाओं से जोड़ा जाएगा. इससे यात्रियों को स्टेशन से बाहर निकलते ही आसानी से टैक्सी मिल जाएगी और उन्हें आगे का सफर तय करने में परेशानी नहीं होगी.
🚉 नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के redevelopment का कार्य तेज गति से चल रहा है। pic.twitter.com/62OhNhNTUy
— Ashwini Vaishnaw (@AshwiniVaishnaw) April 4, 2026
यह भी पढ़ें- पंजाब की मुख्यमंत्री सेहत योजना: हर परिवार को मिलता है 10 लाख रुपये तक मुफ्त इलाज, जानें आप कैसे उठा सकते हैं लाभ
नई बिल्डिंग से कम होगी भीड़नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर दो नई बड़ी बिल्डिंग बनाई जा रही हैं, जो प्लेटफॉर्म 1 और 16 के पास होंगी. ये बिल्डिंग इतनी बड़ी होंगी कि रोजाना लगभग 7 लाख यात्रियों को संभाल सकेंगी. इससे स्टेशन पर भीड़ कम होगी और लोगों को ज्यादा आराम मिलेगा.
यानी इस रीडेवलपमेंट का आम यात्रियों को सीधा फायदा मिलेगा. उन्हें अब कम भीड़, बेहतर सुरक्षा और आसान सुविधाएं मिलेंगी, जिससे सफर ज्यादा आरामदायक और बिना तनाव के हो पाएगा. साथ ही आने वाले समय में यह स्टेशन देश के सबसे आधुनिक रेलवे स्टेशनों में शामिल हो सकता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं