दुनिया की बड़ी टेक कंपनियों में से एक Nvidia इस समय अपने इतिहास के सबसे बड़े संकट से गुजर रही है. कंपनी के फाउंडर और लंबे समय से CEO रहे Jensen Huang के एक्स्ट्रा-मैरिटल अफेयर्स के खुलासे के बाद बोर्ड उनके रिप्लेसमेंट की खोज में जुट गया है. इनमें से एक रिश्ता कथित चीनी जासूस के साथ है, जिससे अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा पर भी खतरा मंडरा रहा है. इस सक्सेशन प्लान को तेज करने के लिए कंपनी ने बाहरी प्रोफेशनल एजेंसी की भी मदद ली है, जो Nvidia के अगले CEO को खोजने का काम करेगी.
पिछले कुछ हफ्ते इस दिग्गज कंपनी के लिए बेहद टेंशन भरे रहे हैं क्योंकि कंपनी की साख और प्रतिष्ठा दांव पर लगी है. ये प्रतिष्ठा तब पूरी तरह दांव पर लग गई जब जेन्सेन ने खुद स्वीकार किया कि उन्होंने अपनी पत्नी Lori Huang के साथ धोखा किया है, जिनके साथ उनकी शादी को 40 साल से ज्यादा हो चुके थे. अभी एक चीनी जासूस Alice Huang के साथ उनके संबंध का विवाद थमा भी नहीं था कि तभी कंपनी की एक अन्य सीनियर एग्जीक्यूटिव Kimberly Powell के साथ उनके दूसरे अफेयर की खबर भी सामने आ गई. इस दोहरे झटके से Nvidia की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं.
Nvidia CEO का पूरा मामला
Jensen Huang ने अपने कर्मचारियों को भेजे एक ऑफिशियल ईमेल में स्वीकार किया कि वे अपनी पत्नी के प्रति लॉयल नहीं रहे. ठीक इसी समय ये रिपोर्ट्स भी सामने आने लगीं कि जेन्सेन का सिंगापुर की कंपनी Megaspeed की पूर्व सीनियर अधिकारी Alice Huang के साथ अफेयर चल रहा था. तकनीकी रूप से मेगास्पीड Nvidia की एक बड़ी ग्राहक थी, जिससे ये साफ है कि जेन्सेन और एलिस की पहली मुलाकात बिजनेस डील्स के दौरान ही हुई थी.
लेकिन मामला तब गंभीर हो गया जब अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को शक हुआ कि एलिस असल में चीन की एक जासूस थीं, जिन्हें जेन्सेन को अपने हनी ट्रैप में फंसाने के लिए भेजा गया था ताकि वे Nvidia की बेहद प्राइवेट तकनीकों को चुरा सकें और चीन के लिए Nvidia के एडवांस एआई चिप्स हासिल करने के व्यापारिक फैसलों को प्रभावित कर सकें. आपको बता दें कि अमेरिका ने सुरक्षा चिंताओं के कारण चीन को इन चिप्स की बिक्री पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा रखा है.
यह भी पढ़ें | Nvidia CEO को पद से हटाने की तैयारी; WSJ की रिपोर्ट का दावा- जेनसन हुआंग पर बोर्ड का फैसला जल्द
द न्यूयॉर्क टाइम्स (The NYT) की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी सरकार को इस जासूसी की भनक काफी पहले ही लग गई थी और पिछले साल की शुरुआत में ही ट्रंप प्रशासन के बड़े अधिकारियों के बीच इसे लेकर एक सीक्रेट मेमो भी सर्कुलेट किया गया था. उस समय Nvidia ने जेन्सेन और एलिस के बीच किसी भी अफेयर से इनकार करते हुए उनके संबंधों को पूरी तरह से बिजनेस और सामान्य बताया था. चीन ने भी सफाई दी थी कि एलिस कोई जासूस नहीं हैं. लेकिन अब जेन्सेन ने खुद इसको स्वीकार कर लिया है तो इस अफेयर को सच साबित कर दिया है, हालांकि इस बात की जांच अभी भी जारी है कि क्या एलिस वाकई चीन के लिए जासूसी कर रही थीं.
ये विवाद अभी थमा भी नहीं थी कि जेन्सेन एक और विवाद में घिर गए. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, उनका दूसरा अफेयर Nvidia की हेल्थकेयर विंग की वाइस प्रेसिडेंट किम्बर्ली पॉवेल के साथ चल रहा है, जो सीधे उन्हें ही रिपोर्ट करती हैं. इन दोनों को इसी साल की शुरुआत में कैलिफोर्निया के एक होटल में एक-दूसरे के काफी करीब देखा गया था.
Nvidia का बैकअप प्लान और अगला CEO कौन?
Jensen Huang को हटाना कंपनी के लिए बेहद मुश्किल फैसला है, लेकिन बोर्ड के पास अब इसके अलावा कोई और रास्ता नहीं बचा है. हालांकि, जेन्सेन का रिप्लेसमेंट खोजना बेहद कठिन काम है क्योंकि उन्होंने ही 33 साल पहले यानी 1993 में इस कंपनी को शुरू किया था और वे इसके इकलौते CEO रहे हैं. सरल शब्दों में कहें तो Nvidia की पहचान ही जेन्सेन से है.
कंपनी के पास पहले से कोई सक्सेशन प्लान तैयार नहीं थी और दर्जनों बड़े अधिकारी सीधे जेन्सेन को ही रिपोर्ट करते थे, इसलिए इस 5 ट्रिलियन डॉलर की कंपनी का पूरा दारोमदार केवल एक ही व्यक्ति पर था. इस बड़े गैप को भरने के लिए बोर्ड अब एक अंतरिम CEO नियुक्त करने की तैयारी में है, जो नए परमानेंट CEO की खोज पूरी होने तक कंपनी की कमान संभालेगा.
रिपोर्ट्स के अनुसार, Nvidia की चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर (CFO) Colette Kress को कंपनी का अंतरिम प्रमुख बनाया जा सकता है. इसके अलावा, कंपनी के सह-संस्थापक क्रिस Chris Malachowsky भी इस कठिन समय में कंपनी का मार्गदर्शन करने के लिए आगे आ सकते हैं. इस बीच, बोर्ड ने जेन्सेन विवाद की तह तक जाने के लिए मशहूर लॉ फर्म Wachtell, Lipton, Rosen & Katz के नेतृत्व में एक स्वतंत्र जांच भी शुरू कर दी है.
शेयर बाजार में कंपनी को झटका
Jensen Huang को कंपनी से निकालना कोई आसान काम नहीं है. उन्हें पूरी दुनिया में AI क्रांति का सबसे बड़ा चेहरा माना जाता है. उनके नेतृत्व में Nvidia के शेयर की कीमतों में 700,000% से ज्यादा की रिकॉर्ड बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिसके चलते निवेशकों और ग्राहकों के बीच उनका जबरदस्त सम्मान है. लेकिन राष्ट्रीय सुरक्षा और व्यापारिक राज लीक होने की चिंताओं को देखते हुए उन्हें पद पर बनाए रखना और भी खतरनाक हो सकता है. अमेरिकी सरकार और संसद के सदस्य इस बात से बेहद चिंतित हैं कि क्या एक कथित चीनी जासूस के साथ जेन्सेन के रिश्ते ने देश की सुरक्षा को खतरे में डाला है.
इस पूरे ड्रामे और विवादों का असर शेयर बाजार पर भी देखने को मिल रहा है. जेन्सेन के अफेयर्स के खुलासे के बाद Nvidia के शेयरों में 4% से 8% की भारी गिरावट दर्ज की गई, और जब से ये विवाद शुरू हुआ है तब से कंपनी के शेयर लगभग 20% तक टूट चुके हैं जिससे निवेशकों के अरबों रुपये डूब गए हैं. फिलहाल, Nvidia ने इस पूरी स्थिति पर कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की है, लेकिन पूरी दुनिया की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या एआई के बेताज बादशाह Jensen Huang को अपना ताज गंवाना पड़ेगा.
यह भी पढ़ें | न स्क्रीनशॉट, न कॉपी, WhatsApp का एंड्रॉयड के लिए तगड़ा फीचर, एक बार मैसेज पढ़ते ही गायब
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं