WhatsApp काफी पॉपुलर मैसेजिंग ऐप है. यूजर्स के एक्सपीरियंस को बढ़ाने के लिए ये नए-नए फीचर्स भी लॉन्च करता रहता है. अब कंपनी एक और धांसू फीचर पर काम कर रही है. खासतौर पर अगर आप भी WhatsApp का इस्तेमाल पासवर्ड, OTP, बैंकिंग डिटेल्स और दूसरी जरूरी जानकारियां मैसेज के जरिए भेजने के लिए करते हैं तो ये आपके काफी काम आएगा.
WhatsApp आपके लिए एक बेहद ही काम का फीचर टेस्ट कर रहा है. इससे आपके द्वारा भेजा गया कोई भी सेंसेटिव टेक्स्ट मैसेज सामने वाला व्यक्ति केवल एक ही बार पढ़ सकता है. कंपनी ने अब एंड्रॉयड बीटा यूजर्स के लिए view-once टेक्स्ट मैसेज फीचर को रोल आउट करना शुरू कर दिया है. WABetaInfo की रिपोर्ट के मुताबिक, ये टेक्स्ट मैसेज भी WhatsApp पर पहले से मिलने वाले view-once फोटो और वीडियो की तरह ही काम करेंगे. अगर रिसीवर एक बार खोलकर मैसेज पढ़ लेता है तो चैट से हमेशा के लिए गायब हो जाएंगे. ये बदलाव चैट्स के अंदर सेंसेटिव जानकारियों को सुरक्षित रखने और दूसरों की नजरों से बचाने में काफी मदद करेगा.
रिपोर्ट के अनुसार, ये नया फीचर एंड्रॉयड बीटा वर्जन "2.26.45.6" पर रोल आउट किया जा रहा है, और आने वाले हफ्तों में और भी ज्यादा यूजर्स को ये सुविधा मिलने की उम्मीद है. इस बदलाव के बाद अब फोटो, वीडियो और वॉयस नोट्स की तरह टेक्स्ट मैसेजेस भी व्यू-वन्स की लिस्ट में शामिल हो जाएंगे. अगर आप एक एलिजिबिल बीटा टेस्टर हैं, तो आप नीचे दिए गए स्टेप्स को फॉलो करके व्यू-वन्स टेक्स्ट मैसेज भेज सकते हैं.
WhatsApp पर कैसे भेजें 'View Once' टेक्स्ट मैसेज?
- स्टेप 1: सबसे पहले उस व्यक्ति की चैट विंडो खोलें जिसे आप मैसेज भेजना चाहते हैं, और अपना टेक्स्ट मैसेज टाइप करें.
- स्टेप 2: मैसेज टाइप करने के बाद चेक करें कि क्या आपके पास “Press and hold to send as view once” का ऑप्शन दिखाई दे रहा है.
- स्टेप 3: अब मैसेज भेजने वाले ग्रीन कलर के सेंड बटन को थोड़ी देर दबाकर रखें .
- स्टेप 4: अगर आपके नंबर पर ये फीचर एक्टिव हो चुका है, तो स्क्रीन पर दो ऑप्शंस पॉप-अप होंगे: “Schedule message” और “View once”.
- स्टेप 5: यहां आपको “View once” पर क्लिक करना होगा, और स्क्रीन पर आने वाले इसके डिस्क्रिप्शन (नियमों) को पढ़कर “OK” दबाना होगा और मैसेज सेंड कर देना होगा.
न स्क्रीनशॉट, न कॉपी
लीक हुए स्क्रीनशॉट के अनुसार, मैसेज पाने वाला व्यक्ति (रिसीवर) इस व्यू-वन्स टेक्स्ट मैसेज को कॉपी, सेव, शेयर, फॉरवर्ड या इसका स्क्रीनशॉट भी नहीं ले पाएगा. सुरक्षा के लिहाज से इन मैसेजेस पर टैप-एंड-होल्ड फंक्शन भी काम नहीं करेगा. इसके अलावा, यूजर्स व्यू-वन्स टेक्स्ट मैसेजेस को शेड्यूल नहीं कर पाएंगे. ये मैसेजेस नॉर्मल चैट्स की तरह चैट विंडो में सीधे दिखाई नहीं देंगे, बल्कि इन्हें पढ़ने के लिए एक अलग इंटरफेस पर क्लिक करके खोलना होगा. जैसे ही रिसीवर इस अलग इंटरफेस को बंद करेगा, मैसेज हमेशा के लिए ब्लॉक हो जाएगा और दोबारा नहीं खोला जा सकेगा.
एक बार पढ़ लिए जाने के बाद ये मैसेज चैट में अन्य व्यू-वन्स मीडिया फाइल्स की तरह "Opened" दिखाई देगा, और अगर आपके फोन में रीड रिसिप्ट (ब्लू टिक) ऑन है, तो भेजने वाला ये चेक कर सकता है कि मैसेज कब पढ़ा गया था. रिसीवर के देख लेने के बाद ये मैसेज दोनों तरफ के फोन से पूरी तरह गायब हो जाता है. आने वाले समय में इसको सभी यूजर्स के लिए जारी किया जा सकता है.
यह भी पढ़ें | थर्ड-पार्टी ऐप्स का झंझट खत्म! Samsung के फोन में सीधे रिकॉर्ड होगी WhatsApp कॉल्स
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं